Sonbhadra News : तेल संकट पर पीएम-सीएम की अपील का असर, ई-रिक्शा से बिजली विभाग पहुंचे सदर विधायक, अफसरों की लगाई क्लास
पेश चौबे ने एक अलग संदेश देने की कोशिश की। निजी वाहन छोड़ समर्थकों और सुरक्षा कर्मियों के साथ ई-रिक्शा से बिजली विभाग कार्यालय पहुंचकर उन्होंने न सिर्फ ऊर्जा संरक्षण का संदेश दिया, बल्कि बिजली........

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
4:17 PM, May 16, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । वैश्विक तेल संकट और बढ़ते अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच जहां आम जनता महंगाई की मार झेल रही है, वहीं सदर विधायक भूपेश चौबे ने एक अलग संदेश देने की कोशिश की। निजी वाहन छोड़ समर्थकों और सुरक्षा कर्मियों के साथ ई-रिक्शा से बिजली विभाग कार्यालय पहुंचकर उन्होंने न सिर्फ ऊर्जा संरक्षण का संदेश दिया, बल्कि बिजली विभाग की कार्यशैली पर भी जमकर नाराजगी जाहिर की। आंधी-तूफान के बाद चरमराई बिजली व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की बैठक में विधायक ने साफ शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
युद्ध की आशंकाओं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गहराते तेल संकट को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपील का असर अब जमीनी स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। शनिवार को सदर विधायक भूपेश चौबे अपने निजी वाहन का उपयोग छोड़ समर्थकों और सुरक्षा कर्मियों के साथ ई-रिक्शा से बिजली विभाग कार्यालय पहुंचे। विधायक के इस कदम ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा और ऊर्जा संरक्षण को लेकर एक बड़ा संदेश देने का काम किया।
बिजली विभाग कार्यालय पहुंचने के बाद विधायक ने हाल ही में आए आंधी-तूफान से प्रभावित विद्युत आपूर्ति की समीक्षा की। विभागीय अधिकारियों के साथ हुई बैठक में उन्होंने खराब बिजली व्यवस्था, फाल्ट और उपभोक्ताओं की शिकायतों पर नाराजगी जाहिर करते हुए शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बिजली समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बरती गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान सदर विधायक की नजर बिजली विभाग के ए0सी0 के टेबल पर लगे भगवा कपड़े पर पड़ी, जिस पर उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि भगवा त्याग, तपस्या और सेवा का प्रतीक है, इसलिए केवल दिखावे के बजाय जनता की सेवा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
कार्यालय से लौटते समय विधायक भूपेश चौबे ने कर्मचारियों और अधिकारियों से ईंधन चालित वाहनों का कम से कम प्रयोग करने और सार्वजनिक परिवहन को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया ऊर्जा संकट की गंभीर चुनौती से जूझ रही है और इसका प्रभाव भारत पर भी पड़ रहा है। ऐसे में ऊर्जा संरक्षण अब विकल्प नहीं बल्कि आवश्यकता बन चुका है।
विधायक ने कहा कि इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसका असर आने वाले दिनों में और अधिक दिखाई दे सकता है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की खपत कम करना समय की मांग है और हर नागरिक को इसमें अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुराने बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर विधायक ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि "राहुल गांधी क्या बोलते हैं, कब बोलते हैं और क्यों बोलते हैं, इसका शायद उन्हें खुद भी पता नहीं रहता। प्रधानमंत्री की ऊर्जा संरक्षण और विदेशी मुद्रा बचाने की अपील का उपहास उड़ाना उनकी पुरानी आदत बन चुकी है।"




