Sonbhadra News : सोनभद्र में 65 लाख की अवैध शराब बरामद, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की आपूर्ति कहां से की गई थी और इसे झारखंड में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

sonbhadra
3:53 PM, October 15, 2026
शांतनु कुमार
० लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की पेटियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे शराब
० ट्रक से रॉयल स्टैग और रॉयल ग्रीन की 625 पेटियां बरामद
सोनभद्र। जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक ट्रक से करीब 93 लाख रुपये कीमत की शराब, कोल्ड ड्रिंक, वाहन और मोबाइल फोन बरामद करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्कर लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की पेटियों की आड़ में अंग्रेजी शराब की खेप हरियाणा से झारखंड ले जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, ट्रक से रॉयल स्टैग और रॉयल ग्रीन ब्रांड की कुल 625 पेटियों में 9,588 शीशी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की 1,275 यूनिट, एक ट्रक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। सभी बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 93 लाख रुपये आंकी गई है।
संदिग्ध ट्रक की जांच में खुला तस्करी का मामला
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में ऑपरेशन शुद्धि के तहत अवैध शराब की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय/नगर मेविस टॉक के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस, एसओजी तथा हिन्दुआरी, चुर्क और लोढ़ी चौकी की संयुक्त टीम कार्रवाई कर रही थी।
14 और 15 अक्टूबर की मध्यरात्रि शारदीय नवरात्र और दशहरा पर्व के मद्देनजर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पंचमुखी हनुमान मंदिर से आगे चुर्क की ओर सड़क किनारे मैदान में खड़े एक ट्रक की तलाशी ली गई।
ट्रक के केबिन में मौजूद दो लोगों ने अपना नाम नसीब चन्द राजपूत और कृष्णपाल राजपूत बताया। उन्होंने ट्रक में लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक लदी होने की बात कही और पुलिस को इनवॉइस तथा ई-वे बिल भी दिखाए। हालांकि, दस्तावेजों में दर्ज जानकारी और चालकों के बयानों में अंतर मिलने पर पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद ट्रक की गहन तलाशी ली गई, जिसमें कोल्ड ड्रिंक की पेटियों के नीचे छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।
'ओनली फॉर पंजाब सेल' लिखी बोतलों में थी शराब
पुलिस के अनुसार बरामद शराब में रॉयल स्टैग 750 एमएल की 407 पेटियों में 4,884 शीशी, रॉयल स्टैग 180 एमएल की 58 पेटियों में 2,784 शीशी और रॉयल ग्रीन 750 एमएल की 160 पेटियों में 1,920 शीशी शामिल हैं। इस प्रकार कुल 625 पेटियों में 9,588 शीशी शराब बरामद की गई।
शराब की बोतलों पर 'ओनली फॉर पंजाब सेल' अंकित था। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी शराब के परिवहन और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रक में लदा माल दिल्ली से झारखंड भेजे जाने का उल्लेख दस्तावेजों में था, जबकि आरोपियों ने शराब और कोल्ड ड्रिंक की खेप हरियाणा के पानीपत और पंचकूला से लादकर लाने की बात बताई।
हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नसीब चन्द राजपूत (40), पुत्र रामदेव राजपूत, निवासी ग्राम जामली, थाना बिलासपुर, जिला बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश और कृष्णपाल राजपूत (38), पुत्र दिलाराम, निवासी ग्राम एवं पोस्ट काथला, थाना स्वारघाट, जिला बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को 15 अक्टूबर की रात करीब 1:08 बजे गिरफ्तार किया।
मामले में रॉबर्ट्सगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 839/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(3), 338 तथा 340(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब बरामद शराब की खेप के स्रोत, ट्रक स्वामी की भूमिका और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की आपूर्ति कहां से की गई थी और इसे झारखंड में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
इस कार्रवाई में रॉबर्ट्सगंज थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, निरीक्षक अपराध बनारसी यादव, एसओजी प्रभारी रामस्वरूप वर्मा, हिन्दुआरी चौकी प्रभारी विनय कुमार सिंह, चुर्क चौकी प्रभारी धर्मनारायण भार्गव, लोढ़ी चौकी प्रभारी उमाशंकर यादव समेत रॉबर्ट्सगंज थाना और एसओजी के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।




