Sonbhadra News : सोनम वांगचुक के अनशन की अनदेखी लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन - पवन कुमार सिंह
पूर्वांचल राज्य जनमोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव पवन कुमार सिंह एडवोकेट ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षा सुधार, पर्यावरण संरक्षण एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर लंबे समय से अनशन पर बैठे समाजसेवी...

पूर्वांचल राज्य जनमोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव अधिवक्ता पवन कुमार सिंह.......
sonbhadra
4:13 PM, July 15, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• सरकार संवाद स्थापित कर शिक्षा, पर्यावरण और जनहित से जुड़े मुद्दों का निकाले समाधान - पूर्वांचल राज्य जनमोर्चा
सोनभद्र । पूर्वांचल राज्य जनमोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव अधिवक्ता पवन कुमार सिंह ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षा सुधार, पर्यावरण संरक्षण एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर लंबे समय से अनशन पर बैठे समाजसेवी सोनम वांगचुक की लगातार हो रही उपेक्षा पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण और अहिंसक आंदोलन जनता की आवाज़ होते हैं, ऐसे में सरकार का संवेदनशील रवैया अपेक्षित है।
आज को जारी बयान में पवन कुमार सिंह ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति लंबे समय से अनशन पर बैठा है और अब तक सरकार अथवा जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों द्वारा गंभीर स्तर पर संवाद स्थापित नहीं किया गया है, तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों और संवेदनशील शासन व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि किसी भी जनआंदोलन का स्थायी समाधान टकराव नहीं, बल्कि संवाद और सकारात्मक पहल से निकलता है। सरकार और सभी जनप्रतिनिधियों को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सोनम वांगचुक से वार्ता करनी चाहिए तथा उनकी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप सार्थक समाधान की दिशा में कदम बढ़ाने चाहिए।
अधिवक्ता पवन कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और देश के भविष्य से जुड़े विषय किसी एक व्यक्ति या संगठन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरे राष्ट्र के सरोकार हैं। ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर संवेदनशीलता, संवाद और सकारात्मक निर्णय समय की आवश्यकता है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस मामले में शीघ्र पहल करेगी और बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास करेगी।




