Sonbhadra News : कैसे पैसा दोगुना-तिगुना करते थे ठग, पुलिस ने किया खुलासा
वे लोगों को पैसा दोगुना करने का लालच देकर ठगी करते थे। इसके लिए उनके पास नोट के आकार के काले रंग के पेपर, केमिकल एवं फिटकरी आदि सामग्री रहती थी।

sonbhadra
9:51 PM, September 14, 2026
जनपद न्यूज ब्यूरो
सोनभद्र । थाना बभनी पुलिस ने ऐसे ठगों को गिरफ्तार किया है जो पैसा दोगुना करने का लालच देते थे। पुलिस ने ऐसे ही 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ग्राम सागोबांध में दो आरोपियों द्वारा पैसा दोगुना करने का झांसा देकर अमलेश कुमार से ठगी करने का प्रयास किया गया था। शिकायत के बाद पुलिस द्वारा अभियुक्तगण को पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों अभियुक्त मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने उक्त संबंध में थाना बभनी पर मु0अ0सं0 198/2026 धारा 318(4) बीएनएस पंजीकृत किया गया था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सागोबांध में ठगी करने वाले अभियुक्त पुनः ठगी की घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से ठगी में प्रयुक्त सामग्री तथा कुल ₹5,000 नगद बरामद किये गए । गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे लोगों को पैसा दोगुना करने का लालच देकर ठगी करते थे। इसके लिए उनके पास नोट के आकार के काले रंग के पेपर, केमिकल एवं फिटकरी आदि सामग्री रहती थी। अभियुक्तगण द्वारा पहले से कुछ नोटों को काला करके उन्हें केमिकल एवं फिटकरी से साफ कर नोट तैयार करने का झांसा देकर लोगों को विश्वास में लिया जाता था। 10 सितंबर को उन्होंने बलरामपुर, छत्तीसगढ़ में कमरुद्दीन अंसारी से ₹30,000 तथा रमेश प्रजापति से ₹30,000 की ठगी की थी। अभियुक्तों ने 13 सितंबर को ग्राम सागोबांध में अमलेश कुमार को भी इसी प्रकार झांसा देकर ठगी करने का प्रयास किया था, जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण-
1. जैन प्रसाद पुत्र छोटेलाल निवासी ग्राम सेमरी, थाना कछवा, जनपद मिर्जापुर उम्र करीब 42 वर्ष ।
2. लक्ष्मीनारायण उर्फ परदेशी पुत्र स्व0 महंगूराम निवासी ग्राम सेमरी, थाना कछवा, जनपद मिर्जापुर उम्र करीब 42 वर्ष ।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम-
1. उ0नि0 मक्खन लाल, थाना बभनी, जनपद सोनभद्र।
2. का0 सुधीर कुमार यादव, थाना बभनी, जनपद सोनभद्र।
3. का0 सुरेश कुमार, थाना बभनी, जनपद सोनभद्र।
4. का0 सुधाकर सिंह, चालक, थाना बभनी, जनपद सोनभद्र।




