Sonbhadra News : कैसे पढ़ेंगे बच्चे-बढ़ेंगे बच्चे, जब इस इलाके के बच्चे सात महीने घर पर रहने को हैं मजबूर
विजुल नदी के उस पार कई गांव बसे हैं जिन्हें चोपन आने के लिए नदी पार करना पड़ता है । यदि नदी पार न करना हो तो कई किलो0 दूर घूम कर आना पड़ता है । वहीं स्कूली बच्चे बरसात के दिनों में 4 महीने घर पर रहते है

sonbhadra
11:02 AM, August 6, 2024
शान्तनु कुमार/कृपा शंकर पांडेय/राहुल सिंह
यह तस्वीर योगी सरकार में मंत्री संजीव गोंड़ के इलाके की है । आदिवासी बाहुल्य इस इलाके में लोगों का जीवन कितना कठिन है, यह इस तस्वीर को देखकर आसानी से समझा जा सकता है। जुगैल इलाके का टापू इलाका आज भी काफी पिछड़ा है । विजुल नदी के उस पार कई गांव बसे हैं जिन्हें चोपन आने के लिए नदी पार करना पड़ता है । यदि नदी पार न करना हो तो कई किलोमीटर दूर घूम कर आना पड़ता है ।
सबसे ज्यादा फ़जीहत बरसात के दिनों में होती है । बरसात में जब नदी में पानी बढ़ जाता है तो नदी पार के बच्चे लगभग चार महीने स्कूल से कट जाते हैं । पूर्व में कई घटनाओं के बाद ग्रामीण अब अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजते।
बच्चों के अलावा ग्रामीणों का जीवन भी बरसात में बेहद कष्टकारी हो जाता है । नदी पार कर आने वाले लोगों को नदी में या तो कपड़े खोल कर आना पड़ता है या फिर भींग कर आना पड़ता है, जिसे पूरे दिन पहने रहने से वे बीमार भी हो जाते हैं । यही हाल महिलाओं का भी है ।
जहां एक तरफ प्रशासन स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ाने पर जोर दे रहा है, वहीं टापू विद्यालय में बच्चों की संख्या काफी कम है । स्कूल की प्रिंसिपल का कहना है कि बरसात के दिनों में नदी पार के बच्चे लगभग चार महीने पढ़ाई से कट जाते हैं । चूंकि नदी पर कोई पुल या छलका न बनने के कारण बच्चे स्कूल नहीं आ पाते । उन्होंने कहा कि मंत्री जी को इन ओर ध्यान देने की जरूरत है।
वहीं इस पूरे मामले पर जब बेसिक शिक्षा अधिकारी से बात करने की कोशिश की गई तो उनका हैरान करने वाला जबाब सामने आया । उनका कहना है कि स्कूल की कमियों को लेकर वे बयान नहीं देते । उनका कहना है कि मीडिया सिर्फ कमियों को दिखाती है उनके अच्छे कामों की प्रसंसा नहीं करती ।
बहरहाल पढ़ेंगे बच्चे-बढ़ेंगे बच्चे का नारा सुनने में जरूर अच्छा लगता है लेकिन धरातल पर कितना अमल होता है यह बड़ा सवाल है।
कुल मिलाकर साल भर में लगभग 3 महीने तमाम छुट्टियों को लेकर स्कूल बन्द रहते हैं । ऐसे में यदि बरसात की वजह से नदी पार के बच्चे 4 महीने स्कूल नहीं जाएंगे तो वे पढ़ेंगे क्या ?




