Varanasi News : वंदे भारत में छूटा विदेशी यात्री का लाखों की नकदी से भरा बैग, रेलवे कर्मचारी की ईमानदारी से वापस मिला सामान
बैग मिलने के बाद कर्मचारी ने बिना किसी लालच के इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों को दी और बैग सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया।

varanasi
2:27 PM, November 21, 2026
वाराणसी। काशी के कैंट रेलवे स्टेशन पर रेलवे कर्मचारी की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की सराहनीय मिसाल सामने आई है। वाराणसी वंदे भारत ट्रेन में सफर के दौरान सिंगापुर के एक विदेशी यात्री का लाखों रुपये की नकदी से भरा बैग छूट गया। ट्रेन यार्ड में सफाई के दौरान रेलवे कर्मचारी को बैग मिला, जिसमें करीब 2 लाख 11 हजार रुपये के अलावा हजारों डॉलर भी मौजूद थे।
बैग मिलने के बाद कर्मचारी ने बिना किसी लालच के इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों को दी और बैग सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया। इसी दौरान अपना बैग तलाशते हुए विदेशी यात्री भी अपने गाइड के साथ कैंट रेलवे स्टेशन पहुंच गया।
रेलवे अधिकारियों ने यात्री से पूछताछ कर आवश्यक पहचान की पुष्टि की। इसके बाद बैग में रखी नकदी समेत पूरा सामान सुरक्षित यात्री को वापस सौंप दिया गया। रेलवे कर्मचारी की ईमानदारी और जिम्मेदारी भरे व्यवहार की इस घटना ने एक सराहनीय उदाहरण पेश किया।




