Sonbhadra News : मुर्धवा-हाथीनाला मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत
मुर्धवा-हाथीनाला मार्ग पर बुधवार की भोर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक मंगलवार की रात में एक बारात में शामिल होने रेणुकूट आए थे ।

sonbhadra
3:15 PM, May 6, 2026
- बारात में शामिल होकर बाइक से लौट रहे थे घर
- घटना के बाद परिवार में मचा कोहराम
मनोज वर्मा (संवाददाता)
रेणुकूट (सोनभद्र) । मुर्धवा-हाथीनाला मार्ग पर बुधवार की भोर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक मंगलवार की रात में एक बारात में शामिल होने रेणुकूट आए थे और वापस घर लौटते समय यह हादसा हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, अकलवंत (26) पुत्र नंदलाल निवासी साऊडीह हाथीनाला तथा अजय कुमार (25) पुत्र शंखलाल निवासी हथवानी मंगलवार की रात एक बारात में शामिल होने आए थे। भोर में दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मुर्धवा-हाथीनाला रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल हिंडालको अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।




