Sonbhadra news : मारकुंडी-चिरुई मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: दो बाइक की भिड़ंत में तीन घायल, दो की हालत गंभीर
सात नंबर पहाड़ी कटिंग के समीप तीन मोहानी के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

sonbhadra
2:30 PM, September 20, 2026
राकेश चौबे
मारकुंडी (सोनभद्र)। गुरमा पुलिस चौकी क्षेत्र के मारकुंडी-चिरुई मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सात नंबर पहाड़ी कटिंग के समीप तीन मोहानी के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन युवक घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 8 बजे मकरीबारी निवासी अरविंद पाल (16) पुत्र सदानंद पाल मोटरसाइकिल से मारकुंडी की ओर से मकरीबारी जा रहा था। इसी दौरान सामने की दिशा से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। बताया गया कि दूसरी बाइक पर तीन युवक सवार थे।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिलों के सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की और घटना की सूचना पुलिस व एंबुलेंस को दी।
हादसे में रविरंजन (16) पुत्र मनीलाल, सुक्खू (20) पुत्र रामप्रसाद बैगा तथा सोनू (15) पुत्र शंकर बैगा घायल बताए गए हैं। तीनों युवक मारकुंडी के तेलाई चकरिया टोला के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों में दो की स्थिति गंभीर होने की जानकारी है।
सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, उक्त मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने मार्ग पर यातायात व्यवस्था और वाहन चालकों की रफ्तार पर निगरानी बढ़ाए जाने की मांग की है।




