Sonbhadra News : नौकरी से निकाले जाने का खौफनाक 'बदला', मालिक के चाचा का किया मर्डर
सोनभद्र पुलिस ने ओबरा थाना क्षेत्र से एक 36 वर्षीय व्यक्ति को नौकरी से निकाले जाने पर अपने मालिक के चाचा की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने आज पुलिस लाइन सभागार..

sonbhadra
3:36 PM, February 13, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । सोनभद्र पुलिस ने ओबरा थाना क्षेत्र से एक 36 वर्षीय व्यक्ति को नौकरी से निकाले जाने पर अपने मालिक के चाचा की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने आज पुलिस लाइन सभागार में मामले का खुलासा किया है।
ये है पूरा मामला -
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि "7-8 फरवरी 2026 की रात गिरधर सीमेंट्स लिमिटेड परिसर में हुई थी। अज्ञात व्यक्ति ने कंपनी के संचालक के चाचा विष्णु हरि उपाध्याय के सिर पर पत्थर से वार कर उनकी हत्या कर दी थी।हत्या के बाद कार्यालय का ताला तोड़कर दराज में रखे 6500 रुपये नकद और मृतक का मोबाइल फोन चोरी कर लिया गया था। पहचान छिपाने के उद्देश्य से हमलावर ने सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। कैमरे के मॉनिटर और प्रिंटर जैसे उपकरण हटाकर छिपा दिए गए थे। इस संबंध में ओबरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई थी। 12-13 फरवरी की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बग्घा नाला ओवरब्रिज के पास से आरोपी श्रवन सिंह उर्फ श्रवन गोंड (उम्र लगभग 36 वर्ष) को देर रात घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर घटना स्थल से लगभग 300 मीटर दूर एक पक्के नाले और झाड़ियों में छिपाए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण (सीसीटीवी मॉनिटर और प्रिंटर) बरामद किए गए। इन बरामदगियों के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 315 भी बढ़ाई गई है।"
नौकरी से निकाले जाने से खफा था आरोपी -
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि "अभियुक्त से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह पूर्व में सीमेंट्स लिमिटेड परिसर में 2 वर्षों तक मिस्त्री के पद पर कार्यरत था। नौकरी से निकाले जाने तथा मृतक द्वारा डांट-फटकार किए जाने से वह रंजिश रखता था। बीते 7/8 फरवरी की रात लगभग 11-12 बजे वह बाउंड्री कूदकर परिसर में घुसा। बरामदे में सो रहे विष्णु हरि उपाध्याय के सिर पर पत्थर से 3-4 बार वार कर हत्या कर दी। इसके बाद मृतक के पास से चाबी का गुच्छा लेकर कार्यालय खोला तथा दराज से ₹6500 नगद एवं मृतक का मोबाइल फोन ले लिया। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से सीसीटीवी तोड़ दिया तथा मॉनिटर एवं प्रिंटर को उठाकर पास के नाले में झाड़ियों के नीचे छिपा दिया कि उसकी पहचान न हो सके।"
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम का विवरण -
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक थाना ओबरा सदानंद राय, निरीक्षक अपराध थाना ओबरा शमशेर यादव, प्रभारी एसओजी/सर्विलांस उ0नि0 राजेश जी चौबे, उ0नि0 राम सिंह यादव, हे0का0 संतोष कुमार पटेल, हे0का0 सतीश कुमार सिंह, का0 रितेश सिंह, का0 अजीत कुमार, का0 सत्यम पाण्डेय, का0 चा0 अजीत कुमार यादव एसओजी टीम, का0 यशवंत सरोज, का0चा0 मनीष राय, का0 प्रवीण कुमार राय थाना ओबरा शामिल रहे।




