Sonbhadra News : गर्भवती महिलाओं को अवैध प्रसव केंद्रों तक ले जाती हैं आशाएं, ACMO की जाँच में खुली पोल
एसीएमओ और हॉस्पिटल पंजीकरण के नोडल अधिकारी डॉ0 कीर्ति आजाद बिंद ने शुक्रवार को नगर में चल रहे प्रसव केंद्र की जांच की। इस दौरान अवैध रूप से संचालित प्रसव केंद्र के संचालन की बात सामने आई। इसमें कई....

sonbhadra
8:55 AM, September 14, 2024
जनपद न्यूज़ ब्यूरो
अनपरा । एसीएमओ और हॉस्पिटल पंजीकरण के नोडल अधिकारी डॉ0 कीर्ति आजाद बिंद ने शुक्रवार को नगर में चल रहे प्रसव केंद्र की जांच की। इस दौरान अवैध रूप से संचालित प्रसव केंद्र के संचालन की बात सामने आई। इसमें कई आशाओं की मिलीभगत सामने आयी है। उन्होंने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट सीएमओ को सौंपने की बात कही। नगर क्षेत्र लंबे समय से निजी मकानों में अवैध प्रसव केंद्र संचालित हो रहे हैं। इसकी शिकायत कुछ लोगों ने की थी। इसकी जांच के लिए एसीएमओ डॉ0 कीर्ति आजाद बिंद टीम के साथ पहुंचे। वार्ड नंबर 20 में एक केंद्र पर जांच के दौरान मौके से प्रसव का कोई सामान बरामद नहीं हुआ। महिला से पूछताछ में टीम को कुछ आशाओं के बारे में जानकारी मिली, जो गर्भवती महिलाओं का प्रसव कराने के लिए वहां लाती हैं। इसके एवज में उन्हें कमीशन भी दिया जाता है।
इस संबंध में एसीएमओ डॉ0 कीर्ति आजाद बिंद ने बताया कि "नगर क्षेत्र में कुछ जगहों पर अवैध रूप से असुरक्षित प्रसव कराने की सूचना मिली थी। उसी की जांच आज की गई है। इसमें कुछ आशाओं एवं अन्य लोगों का नाम भी सामने आ रहा है, उनसे भी पूछताछ के बाद रिपोर्ट सीएमओ को दी जाएगी।"
अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट का किया मॉकड्रिल -
नगर के डिबुलगंज स्थित संयुक्त चिकित्सालय में लगे ऑक्सीजन प्लांट का शुक्रवार को एसीएमओ डॉ0 कीर्ति आजाद बिंद की मौजूदगी में संपन्न हुआ। इस दौरान मेडिकल स्टाफ ने ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट को चालू कर उसके प्रेशर की जांच की गई।




