Sonbhadra news : डबल रेल लाइन की ऊंची मिट्टी बनी मुसीबत, बारिश में घरों में घुसा पानी
चोपन थाना क्षेत्र के सलखन में डबल रेल लाइन निर्माण के बाद जल निकासी की समस्या ने बस्ती के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

sonbhadra
2:06 PM, August 29, 2026
राकेश चौबे
-- सलखन की बस्ती में जलभराव से जनजीवन प्रभावित, ग्रामीणों ने अधिकारियों पर लगाया अनदेखी का आरोप
मारकुंडी (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के सलखन में डबल रेल लाइन निर्माण के बाद जल निकासी की समस्या ने बस्ती के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार हो रही बारिश के चलते गांधी स्मारक निधि से लेकर दीपचंद भारती के घर तक सड़क और आसपास के क्षेत्र में भारी जलभराव हो गया है। हालात ऐसे हैं कि कई घरों और शौचालयों में बारिश का पानी पहुंच गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डबल रेल लाइन के निर्माण के दौरान रेलवे ट्रैक के आसपास काफी ऊंचाई तक मिट्टी डाल दी गई। इससे बारिश के पानी की प्राकृतिक निकासी बाधित हो गई और पानी बस्ती की ओर जमा होने लगा। ग्रामीणों के मुताबिक हर बारिश में यही स्थिति उत्पन्न हो रही है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
भोला शर्मा, हरिदास शर्मा, शारदा देवी, वसीर अहमद, मुन्ना और सुभाष भारती सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि मामले की जानकारी ग्राम प्रधान और संबंधित रेलवे अधिकारियों को दी जा चुकी है। इसके बावजूद जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का स्थलीय निरीक्षण कराकर जल निकासी की तत्काल व्यवस्था कराने और डबल रेल लाइन निर्माण के कारण उत्पन्न समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।




