Chandauli news : गौसपुर में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत
सकलडीहा थाना क्षेत्र के गौसपुर गांव के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

chandauli
6:23 PM, November 27, 2026
- डेढ़ साल के मासूम को दवा दिलाने कमालपुर जा रहे थे अंजित गुप्ता, हादसे में बाल-बाल बचा बच्चा; पिकअप की टक्कर से हुआ हादसा
सत्येंद्र यादव (संवाददाता)
सकलडीहा (चंदौली)। सकलडीहा थाना क्षेत्र के गौसपुर गांव के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो दोनों युवकों को रौंदते हुए निकल गई। हादसे में डेढ़ साल का मासूम बच्चा बाल-बाल बच गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान खोर गांव निवासी अंजित गुप्ता (34 वर्ष), पुत्र मिठाई लाल गुप्ता तथा दीपक विश्वकर्मा (28 वर्ष), पुत्र बब्बन विश्वकर्मा के रूप में हुई है। दोनों युवक मोटरसाइकिल संख्या यूपी 67 एस 0551 से जा रहे थे। बताया जा रहा है कि अंजित गुप्ता अपने डेढ़ वर्षीय पुत्र को दवा दिलाने के लिए कमालपुर जा रहे थे। इसी दौरान गौसपुर के पास हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रास्ते में पहले एक पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इसी बीच पीछे से आ रही स्कॉर्पियो संख्या यूपी 32 एचए 5005 सड़क पर गिरे दोनों युवकों के ऊपर चढ़ गई। गंभीर रूप से कुचल जाने के कारण दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की भयावहता के बीच डेढ़ साल का मासूम चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो चालक ने दोनों युवकों को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
एक ही गांव के दो युवकों की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातम पसरा हुआ है। जिस पिता की गोद में मासूम अपने इलाज के लिए जा रहा था, उसी हादसे ने उसके सिर से पिता का साया छीन लिया। हादसे ने क्षेत्र के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।




