Sonbhadra news : चेचिस गाड़ी और बाइक की जोरदार टक्कर, बाइक चालक की मौके पर मौत
कोलिन्डूबा में नेशनल हाईवे-39 पर मेदनी खांड लैम्पस के सामने नए चेचिस और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

sonbhadra
11:32 AM, September 25, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोलिन्डूबा में नेशनल हाईवे-39 पर मेदनी खांड लैम्पस के सामने नए चेचिस और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चेचिस चालक वाहन लेकर मौके से निकल गया, जिसे बाद में रेलवे क्रॉसिंग गेट नंबर 50 पर ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया गया।
कोलिन्डूबा निवासी बंधु राम ने बताया कि चेचिस और बाइक दोनों विंढमगंज की ओर से दुद्धी की तरफ जा रहे थे। वह सड़क किनारे अपने मवेशियों को चारा दे रहे थे। इसी दौरान जोरदार आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर एक व्यक्ति सड़क पर गिरा हुआ मिला। आसपास के लोगों को बुलाया गया। इसी बीच चेचिस चालक वाहन लेकर वहां से निकल गया।
बताया गया कि ग्रामीणों और प्रशासन की सक्रियता के बाद रेलवे क्रॉसिंग गेट नंबर 50 पर चेचिस को रोककर पकड़ लिया गया। प्रशासन ने चेचिस और चालक को अपने कब्जे में ले लिया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
चेचिस चालक प्रिंस कुमार के अनुसार, बाइक कार से टकराने के बाद चेचिस के पिछले पहिये की तरफ जा घुसी और वाहन की चपेट में आ गई।
मृतक की पहचान अगस्त कुमार पुत्र राजेंद्र राम, निवासी धनराडीह, मकड़ी भवनाथपुर के रूप में बताई जा रही है। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर पहचान की जानकारी सामने आई है। मोटरसाइकिल को विंढमगंज पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
सूचना मिलते ही विंढमगंज थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी मर्चरी हाउस भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।




