Sonbhadra news : SIR नोटिस के तहत चोपन ब्लॉक पर दिन भर चली मतदाताओं की सुनवाई
ब्लॉक परिसर में मंगलवार को निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी एसआईआर नोटिस के क्रम में नो-मैप मतदाताओं की सुनवाई की प्रक्रिया तेज़ी से चलती रही।

sonbhadra
6:46 PM, February 11, 2026
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन/सोनभद्र।स्थानीय चोपन ब्लॉक परिसर में मंगलवार को निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी एसआईआर नोटिस के क्रम में नो-मैप मतदाताओं की सुनवाई की प्रक्रिया तेज़ी से चलती रही।मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन के दौरान जिन मतदाताओं द्वारा वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम होने का साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया था,उन्हें नोटिस जारी कर निर्धारित तिथि, समय व स्थल पर बुलाया गया।
नोटिस में अंकित स्वीकार्य 13 दस्तावेजों में से उपलब्ध साक्ष्य लेकर मतदाता ब्लॉक कार्यालय पहुंचे और संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। विधानसभा क्षेत्र राबर्ट्सगंज के बूथ संख्या 81, 82, 89, 90 व 91 से जुड़े मतदाता बड़ी संख्या में सुनवाई में शामिल हुए।
सुनवाई के लिए नियुक्त कोन ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी डॉ. जितेंद्र नाथ दूबे ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार हर मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है। मतदाताओं के समयानुसार उपस्थित होने पर उनकी सुनवाई की जा रही है तथा दूर-दराज़ से आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि एसआईआर नोटिस से संबंधित सभी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बरती जा रही है, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से वंचित न रहे।इस मौके पर सुनवाई के दौरान गढ़ईडीह निवासी राम सुभाग, अवकाश नगर निवासी अवधेश कुमार श्रीवास्तव, जय प्रकाश,भगवंती देवी (चोपन) सहित अन्य मतदाताओं ने उपस्थित होकर अपने आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए।



