सोनभद्र । अब तक रिक्त पड़े पदों के कारण जिला की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं गड़बड़ाई हुई थी लेकिन अच्छी खबर यह है कि जिले में एनएचएएम के माध्यम से 18 संविदा चिकित्सकों का मेरिट के आधार पर चयन कर लिया गया है। इन चिकित्सकों की मेडिकल कालेज के ट्रामा सेंटर, अर्बन पीएचसी, आयुष्मान आरोग्य मंदिर व एनआरसी में तैनाती कर दी गई है। चिकित्सकों के नियुक्ती से बेपटरी हुई स्वास्थ्य सेवाओं के सुधार होने की उम्मीद जगी है। चिकित्सकों की कमी के कारण मरीजों को बेहतर सेवाएं नहीं मिल पा रही थी, अधिकांश मामलों में मरीजों को रेफर करना पड़ता था, जिससे मरीज व परिजनों पर अनावश्यक आर्थिक भार भी पड़ रहा था लेकिन चिकित्सकों की नियुक्ति के बाद अब दूर-दराज से आने वाले मरीज व परिजनों को भी बेहतर इलाज मिलने से राहत मिल सकेगी। रिक्त पद भरने को लेकर राजनीतिक व सामाजिक संगठनों की ओर से लगातार मांग की जा रही थी।