Sonbhadra News : जाँच में मानकों पर खरे नहीं उतरे आधा दर्जन से अधिक अस्पताल व लैब, CMO ने पंजीकरण किया निरस्त
जिले में पंजीयन और मानकों के बिना काफी संख्या में अस्पताल संचालित हो रहे हैं। ऐसे में शासन स्तर पर हो रही सख्ती के बाद बीते दिनों जिलाधिकारी के आदेश के बाद एसडीएम के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की....

सीएमओ डॉ0 अश्वनी कुमार
sonbhadra
9:10 PM, November 18, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले में पंजीयन और मानकों के बिना काफी संख्या में अस्पताल संचालित हो रहे हैं। ऐसे में शासन स्तर पर हो रही सख्ती के बाद बीते दिनों जिलाधिकारी के आदेश के बाद एसडीएम के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक दर्जन अस्पतालों पर छापेमारी कर 8 ऐसे अस्पताल और लैब चिह्नित किए जो मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं। वहीं आज मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अश्वनी कुमार ने जिलाधिकारी के आदेश के बाद इन आठों हॉस्पिटल्स व लैब्स का पंजीकरण रद्द करने का आदेश दे दिया है।
मानकों को दरकिनार करने वाले अस्पतालों पर काफी समय से बेहरबान था स्वास्थ्य महकमा -
स्वास्थ्य सेवाओं के साथ खिलवाड़ कर रहे निजी अस्पताल संचालकों पर काफी समय से स्वास्थ्य विभाग मेहरबान रहा है। यहीं कारण है कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक आधा सैकड़ा से अधिक अस्पताल, क्लीनिक ऐसे हैं, जो मानकों को दरकिनार कर संचालित किए जा रहे हैं। वहीं लगातार मिल रही ऐसी शिकायतों के बाद जिलाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की एक टीम गठित कर ऐसे अस्पतालों व लैब्स के विरुद्ध छापेमारी की कार्यवाही का निर्देश दिया था। इसी क्रम में पिछले दिनों उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक दर्जन अस्पतालों पर छापेमारी करते हुए मानकों की अनदेखी करने वाले 8 अस्पतालों को चिन्हित कर सीएमओ को अपनी रिपोर्ट दिया था। जिसके बाद सीएमओ ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए आठों अस्पतालों, पैथलोजी लैब और क्लिनिक का पंजीयन रद्द कर दिया है। सीएमओ के इस कार्यवाही से निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया है।
मानकों को ताख पर रखकर किया जा रहा था हॉस्पिटलों का संचालन -
बीते दिनों सदर एसडीएम उत्कर्ष द्विवेदी, एसीएमओ/नोडल अधिकारी डॉ0 कीर्ति आजाद बिंद, एसीएमओ डॉ0 गुलाब शंकर यादव, डॉ0 प्रेमनाथ ने जिला मुख्यालय स्थित एक दर्जन हॉस्पिटलों पर छापेमारी की कार्यवाही किया था, जिसके बाद मुख्य चिकित्साधिकारी ने आज 5 हॉस्पिटलों, दो पैथोलॉजी लैब और एक क्लिनिक के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए उनका पंजीकरण निरस्त करने का आदेश दिया है।
इनका पंजीकरण किया गया निरस्त -
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अश्वनी कुमार ने बताया कि "जाँच में मानक पर खरे नहीं उतरने वाले तृषा हॉस्पिटल, आकृति हॉस्पिटल, सद्गुरु हॉस्पिटल, एसजी हॉस्पिटल, बालाजी हॉस्पिटल का जिलाधिकारी के आदेश पर पंजीयन निरस्त कर दिया गया है। वहीं मानक के विपरीत संचालित होते पाए जाने पर पब्लिक पैथोलॉजी, एसएस पैथोलॉजी तथा बिमलेश क्लिनिक को भी बंद कर दिया गया है। उक्त टीम द्वारा आगे भी छापेमारी की कार्यवाही जारी रहेगी।"




