Sonbhadra News : जिले की स्वस्थ्य सुविधाओं में होगी बढ़ोत्तरी, शहरी स्वास्थ्य केंद्र सहित 10 हॉस्पिटलों में लगेंगे हेल्थ एटीएम
अभी तक आपने केवल पैसे का एटीएम देखा होगा या चलिए पानी के लिए भी एटीएम देखा होगा, लेकिन अब नगरवासियों को हेल्थ एटीएम भी दिखाई देगा। जिले के लोगों को बेहतर सुविधा और बेहतर जांच मिल सके, इसके लिए मुख्य..

sonbhadra
10:54 AM, September 19, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• मरीजों को गंभीर बीमारियों की जांच के लिए भटकना नही होगा
• जिले में पहले से ही सात हेल्थ एटीएम मशीन मौजूद
• सीएमओ ने भेजी दस और नए हेल्थ एटीएम की डिमांड
सोनभद्र । अभी तक आपने केवल पैसे का एटीएम देखा होगा या चलिए पानी के लिए भी एटीएम देखा होगा, लेकिन अब नगरवासियों को हेल्थ एटीएम भी दिखाई देगा। जिले के लोगों को बेहतर सुविधा और बेहतर जांच मिल सके, इसके लिए मुख्य चिकित्साधिकारी ने 10 नए हेल्थ एटीएम की डिमांड की है, जिन्हें दो शहरी स्वास्थ्य केंद्रों सहित जिले के अन्य चिकित्सालयों पर लगाया जायेगा। इन हेल्थ एटीएम की सहायता से जनपदवासी चंद मिनट में अपने स्वास्थ्य का चेकअप करा सकते हैं साथ ही जरूरत पड़ने पर टेली कंसलेटेंसी के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों से राय ले सकेंगे।
जिले के लोगों को स्वास्थ्य की जांच और रिपोर्ट के लिए कई दिनों तक सरकारी अस्पतालों के चक्कर काटने से राहत मिलेगी। पहले चरण में करीब सात हेल्थ एटीएम जांच शुरू कर दिया गया है, जल्द ही दस और एटीएम हेल्थ अस्पतालों पर लगाए जाएंगे। इसके माध्यम से 62 तरह की जांच एक ही जगह पर हो पाएगी।
आदिवासी बहुल जिले के दूरदराज से आने वाले मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भटकना पड़ता है। सीएचसी-पीएचसी में डॉक्टर व कर्मचारियों के साथ संसाधनों की कमी उनकी परेशानी बढ़ाती है। जांच और उपचार के लिए गरीब जनता को निजी केंद्रों में महंगा शुल्क चुकाना पड़ता है। व्यर्थ की भागदौड़ अलग होती है, अब उन्हें जल्द इससे राहत मिलने की उम्मीद है।
सरकार की योजना है कि सभी ब्लाक स्तरीय अस्पतालों पर हेल्थ एटीएम की स्थापना हो। इससे ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में इलाज की सुविधा हाईटेक होगी। हेल्थ एटीएम की सहायता से ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन, लंबाई, ऑक्सीजन की मात्रा, बॉडी मास इंडेक्स, मेटाबॉलिक एज, बॉडीफैट, डिहाइड्रेशन, पल्स रेट, मसल मास सहित अन्य जांच के साथ ही पैथोलॉजी टेस्ट जैसे - ग्लूकोज, हीमोग्लोबिन, लिपिड प्रोफाइल की जांच की सुविधा होगी। भविष्य में इसके जरिये डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, यूरीन टेस्ट, गर्भावस्था जांच, टाइफाइड, एचआईवी, ईसीजी, टीएलसी, डीएलसी जैसी जांचें हो सकेंगी। एक सैंपल में 62 प्रकार की जांचें हो सकेंगी।
इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अश्वनी कुमार ने बताया कि "जहां पर हेल्थ एटीएम नहीं है वहां मरीजों को पैथोलॉजी पर जाना पड़ता और निर्भर होना पड़ता है। पैथोलॉजी की रिपोर्ट भी एक-दो दिन बाद मिलती है, लेकिन जिन नए 10 हेल्थ एटीएम को लगाया गया है, यह तत्काल मरीज का जांच करेंगे और रिपोर्ट सामने होगा जिससे डॉक्टर इलाज कर सकेंगे साथ ही साथ गंभीर बीमारी होने पर टेली कंसलटेंसी के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों से भी परामर्श कर सकेंगे। यहीं नहीं इसके संचालन के लिए भी सिर्फ एक ट्रेंड स्टाप की जरूरत होगी। अभी तक जिले में लगभग अभी 7 हेल्थ एटीएम लग चुके हैं जल्द ही रॉबर्ट्सगंज अर्बन सेंटर, ओबरा अर्बन सेंटर सहित 10 नए अस्पतालों में भी हेल्थ एटीएम लगाए जाएंगे। वहीं पुराने हेल्थ एटीएम में सिर्फ 59 जांच ही हो सकती थीं, लेकिन नए हेल्थ एटीएम के जरिए अब लगभग 62 प्रकार की जांचें होंगी।"




