Sonbhadra News : ड्यूटी के दौरान गई जान, अब परिवार को मिला सहारा… मृत श्रमिक के आश्रितों को ₹11.48 लाख की सहायता
खदान क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले संविदा श्रमिक स्व0 पुष्पेन्द्र सिंह के परिवार को आखिरकार आर्थिक राहत मिल गई। जिलाधिकारी चर्चित गोंड के निर्देशन में नार्दन कोलफील्ड्स लिमिटेड.........

पीड़ित परिवार को सहायता राशि का चेक सौंपते डीएम चर्चित गोंड.......
sonbhadra
9:31 PM, May 22, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । खदान क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले संविदा श्रमिक स्व0 पुष्पेन्द्र सिंह के परिवार को आखिरकार आर्थिक राहत मिल गई। जिलाधिकारी चर्चित गोंड के निर्देशन में नार्दन कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की दुद्धीचुआ परियोजना में कार्यरत मेसर्स जी0एस0सी0ओ0 इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के मृत संविदा श्रमिक के विधिक वारिसों को कर्मचारी क्षतिपूर्ति अधिनियम के तहत 11 लाख 48 हजार 175 रुपये की धनराशि का चेक प्रदान किया गया।
बताया गया कि स्व0 पुष्पेन्द्र सिंह की खदान क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में मौत हो गई थी। घटना के बाद श्रमिक के आश्रितों को आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई। वर्कमैन कम्पनसेशन एक्ट, 1923 के अंतर्गत मामले का परीक्षण कर मृतक के परिवार को क्षतिपूर्ति राशि स्वीकृत की गई।
सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतक की पत्नी अनिल सिंह, पुत्री संचिता सिंह, पुत्री अंकिता सिंह एवं पुत्र अतुल सिंह के नाम संयुक्त रूप से चेक जारी किया गया। जिलाधिकारी ने स्वयं मृतक श्रमिक के आश्रितों को 11,48,175 रुपये की क्षतिपूर्ति राशि का चेक सौंपते हुए परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
इस दौरान जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी दुर्घटना की स्थिति में पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।




