Sonbhadra News : खोये मोबाइल धारकों के चेहरे पर लौटी खुशी, पुलिस ने 336 मोबाइल किये बरामद
सोनभद्र पुलिस ने साइबर अपराध नियंत्रण और जनसहायता के क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 336 खोए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए।

sonbhadra
1:01 PM, May 3, 2026
आनन्द कुमार चौबे/प्रकाश खत्री (संवाददाता)
सोनभद्र । सोनभद्र पुलिस ने साइबर अपराध नियंत्रण और जनसहायता के क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 336 खोए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब ₹65 लाख आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सर्विलांस सेल, एसओजी टीम और जनपद के विभिन्न थानों की संयुक्त टीमों ने CEIR Portal के माध्यम से तकनीकी विश्लेषण एवं सतत मॉनिटरिंग कर यह उपलब्धि हासिल की।
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल ने बताया कि "गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए CEIR पोर्टल एक अत्यंत प्रभावी माध्यम साबित हो रहा है। हमारी टीम लगातार तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर रही है। आमजन से अपील है कि मोबाइल खोने या चोरी होने पर तुरंत रिपोर्ट दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर जानकारी अपडेट करें, जिससे शीघ्र बरामदगी संभव हो सके।"
पुलिस के अनुसार, मार्च 2026 से शुरू हुए इस अभियान में आधुनिक तकनीक की मदद से मोबाइल फोन ट्रेस कर उन्हें विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए उनके असली मालिकों को लौटाया गया। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।
बताते चलें कि इससे पूर्व फरवरी 2026 में भी सोनभद्र पुलिस द्वारा 151 खोए मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंपे गए थे। लगातार मिल रही यह सफलता जनपद पुलिस की तकनीकी दक्षता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
पुलिस अधीक्षक ने इस सराहनीय कार्य के लिए सर्विलांस सेल, एसओजी टीम तथा संबंधित थाना प्रभारियों/कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।




