Sonbhadra News : पीआरडी जवानों के चेहरे पर खिली खुशी, भत्ता बढ़ा तो मिठाई बांटकर मनाया जश्न
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) स्वयंसेवकों के हित में की गई घोषणाओं से जिले में कार्यरत पीआरडी जवानों में खुशी की लहर दौड़ गई। आज राबर्ट्सगंज के स्वर्ण जयंती चौक पर.........

स्वर्ण जयंती चौक पर एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताते पीआरडी जवान.....
sonbhadra
3:23 PM, August 18, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• ड्यूटी भत्ता ₹500 से बढ़ाकर ₹600, पांच लाख तक कैशलेस इलाज और बहुमंजिला बैरक की सौगात
सोनभद्र । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रांतीय रक्षक दल (PRD) स्वयंसेवकों के हित में की गई घोषणाओं से जिले में कार्यरत पीआरडी जवानों में खुशी की लहर दौड़ गई। आज नगर के स्वर्ण जयंती चौक पर प्रांतीय रक्षक दल अवैतनिक कल्याण समिति के बैनर तले पीआरडी जवानों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर सरकार के फैसले का स्वागत किया और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
मुख्यमंत्री की घोषणा के मुताबिक पीआरडी स्वयंसेवकों का दैनिक ड्यूटी भत्ता 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये कर दिया गया है। इसके साथ ही जिला के 445 से अधिक पीआरडी स्वयंसेवकों और उनके परिवारों को पांच लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। चिकित्सा सुविधा की घोषणा से जवानों के साथ उनके परिवारों को भी इलाज के दौरान आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं, पीआरडी जवानों के लिए लखनऊ के ग्राम परवर पश्चिम, सरोजनीनगर में 23 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला बैरक बनाए जाने की घोषणा की गई है। इसे पीआरडी स्वयंसेवकों के लिए बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्रांतीय रक्षक दल अवैतनिक कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष दशरथ ने कहा कि "पीआरडी स्वयंसेवक पुलिस और प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। चुनाव ड्यूटी, यातायात व्यवस्था, मेले, धार्मिक आयोजनों सहित विभिन्न प्रशासनिक एवं कानून-व्यवस्था संबंधी कार्यों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ऐसे में ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी से उन्हें सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा, जबकि कैशलेस चिकित्सा सुविधा से परिवार की स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं भी कम होंगी।"
पीआरडी जवानों ने कहा कि "सरकार की घोषणाओं ने पीआरडी स्वयंसेवकों में नया उत्साह पैदा किया है। लंबे समय से चली आ रही मांगों में से महत्वपूर्ण मांगों को पूरा किए जाने से जवानों को सम्मान और राहत दोनों मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार के इस निर्णय से पीआरडी जवानों का मनोबल बढ़ेगा और वे पहले से अधिक उत्साह के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।"
इस अवसर पर समिति के महामंत्री विमलेश सिंह, संगठन मंत्री सरफराज शाह, जयमणि शर्मा, इंद्र बहादुर गिरी, ओमप्रकाश देव पांडेय, बृजेन्द्र प्रसाद, सुरेश प्रसाद, राजमनी शर्मा, बाबूलाल भारती और रामविलाश सहित बड़ी संख्या में पीआरडी जवान मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।




