Sonbhadra News : हल्दी रस्म अदायगी सम्पन्न,भूत-पिशाचों के संघ आज निकलेगी भगवान शिव की बारात
महुली स्थित शिव मंदिर प्रांगण से भगवान शिव की भव्य बारात निकाली जाएगी

सोनभद्र
1:51 PM, February 15, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के महुली गांव स्थित शिव मंदिर, शनिचर बाजार प्रांगण से आज महाशिवरात्रि के मौके पर भगवान शिव की भव्य बारात निकाली जाएगी।विभिन्न भेषभूषा धरे देवता,भूत पिशाच सभी बारात के साक्षी बनेंगे।आयोजन समिति द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गयी है।
इसके पूर्व शनिवार को भगवान महादेव की पारंपरिक हल्दी रस्म बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई। इस भव्य धार्मिक आयोजन में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।मंदिर को आकर्षक फूल-मालाओं और रंग-बिरंगी सजावट से सुसज्जित किया गया था। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान महादेव को हल्दी अर्पित की गई। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मंगल गीत गाते हुए हल्दी की रस्म निभाई।
‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा शनिचर बाजार प्रांगण गूंज उठा।कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई। आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य गांव एवं क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और आपसी सौहार्द की कामना करना है।
समिति के अध्यक्ष श्री उदय कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर दोपहर लगभग 4 बजे शिव मंदिर शनिचर बाजार से भगवान शिव-पार्वती की भव्य बारात निकाली जाएगी। उन्होंने समस्त ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में बारात में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।इस मौके पर मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, ग्राम प्रधान अरविन्द जायसवाल,राम लखन कनौजिया, पंकज गोस्वामी, विकास कनौजिया (विक्की), विकास कनौंजिया, शक्ति कनौजिया, नंदलाल गुप्ता, शिवनाथ यादव, देवेंद्र यादव, अरुण कुमार गुप्ता, उपेंद्र श्रीवास्तव सहित अन्य समिति सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।
आयोजन समिति ने ग्राम वासियो समेत सभी शिव में आस्था रखने वाले शिवभक्तों से बारात की शोभायात्रा में सम्मिलित होकर पुण्य के भागी बनने की अपील की है।




