Sonbhadra News : ओडीओपी योजना के तहत गुलाब जामुन उद्योगों को मिलेगा वित्तीय संबल, ऑनलाइन आवेदन शुरू
जनपद के पारंपरिक 'एक जनपद एक उत्पाद' के अंतर्गत चयनित गुलाब जामुन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में उद्यमियों एवं कारीगरों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत.......

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
6:46 PM, July 17, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• 25 लाख से 1.50 करोड़ रुपये तक की परियोजनाओं पर मिलेगी मार्जिन मनी सब्सिडी
सोनभद्र । जनपद के पारंपरिक 'एक जनपद एक उत्पाद' के अंतर्गत चयनित गुलाब जामुन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में उद्यमियों एवं कारीगरों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत उद्योग स्थापना एवं विस्तार के लिए परियोजना लागत के अनुसार मार्जिन मनी (सब्सिडी) उपलब्ध कराई जाएगी।
उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी ने बताया कि "योजना का उद्देश्य स्थानीय उत्पाद आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित कर स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देना है। इसके तहत 25 लाख रुपये तक की परियोजनाओं पर परियोजना लागत का 25 प्रतिशत अथवा अधिकतम 6.25 लाख रुपये तक की मार्जिन मनी दी जाएगी। वहीं 25 लाख से 50 लाख रुपये तक की परियोजनाओं पर 10 प्रतिशत अथवा अधिकतम 6.25 लाख रुपये, 50 लाख से 1.50 करोड़ रुपये तक की परियोजनाओं पर 10 प्रतिशत अथवा अधिकतम 10 लाख रुपये तथा 1.50 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर परियोजना लागत का 10 प्रतिशत अथवा अधिकतम 20 लाख रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। योजना के तहत सामान्य वर्ग के आवेदकों को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत स्वयं के अंशदान के रूप में जमा करना होगा, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिला एवं दिव्यांग लाभार्थियों के लिए यह अंशदान 5 प्रतिशत निर्धारित किया गया है।"
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। शैक्षिक योग्यता अनिवार्य नहीं है, लेकिन आवेदक किसी राष्ट्रीयकृत बैंक, वित्तीय संस्था या सहकारी बैंक का डिफॉल्टर नहीं होना चाहिए। साथ ही वह पूर्व में केंद्र या प्रदेश सरकार की किसी अन्य स्वरोजगार योजना का लाभार्थी नहीं होना चाहिए। एक परिवार से केवल एक सदस्य को ही इस योजना का लाभ मिलेगा।
उपायुक्त उद्योग ने इच्छुक उद्यमियों एवं कारीगरों से निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। आवेदन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर कार्य दिवसों में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।




