Sonbhadra News : महुली खेल मैदान पर भव्य आदिवासी दिवस का आयोजन 9 अगस्त को
आदिवासी एकता विकास संगठन द्वारा महुली स्थित आरबीएस खेल मैदान पर आगामी 9 अगस्त को आदिवासी दिवस के रूप में मनाया जाएगा

सोनभद्र
9:11 PM, August 7, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। विकास खण्ड दुद्धी अंतर्गत आरबीएस खेल मैदान महुली पर आगामी 09 अगस्त को आदिवासी एकता विकास संगठन महुली, के तत्वावधान में विशाल आदिवासी जनसभा, रोड शो एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जीतसिंह खरवार राज्यमंत्री होंगे।
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम में महुली समेत आसपास के क्षेत्रों से आदिवासी समाज के लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, युवा एवं महिलाएं भाग लेंगी।समिति ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, इतिहास और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा समाज की एकता और सम्मान को सशक्त बनाना है। इस दौरान जल, जंगल और जमीन पर पारंपरिक अधिकारों की सुरक्षा, वनाधिकार कानून-2006 के प्रभावी क्रियान्वयन, ग्राम सभाओं को सशक्त बनाने तथा अनुसूचित क्षेत्रों में पेसा कानून की भावना के अनुरूप व्यवस्था लागू करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।इसके अलावा आदिवासी युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार एवं कौशल विकास के अवसर बढ़ाने, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार तथा आदिवासी भाषा, संस्कृति और विरासत के संरक्षण की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी।
आयोजन समिति ने सभी सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आदिवासी समाज की एकता और अधिकारों की आवाज को मजबूत बनाने की अपील की है। यह जानकारी अरविंद रावेन गोंड ने दी।




