Sonbhadra News : स्कूल चलो अभियान फेज-2 का भव्य आगाज, सदर विधायक ने दिखाई हरी झंडी
बेसिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित स्कूल चलो अभियान (फेज-2) का आज जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर से भव्य शुभारंभ किया गया। सदर विधायक भूपेश चौबे ने हरी झंडी दिखाकर........

स्कूल चलो अभियान-2 के शुभारंभ की कुछ झलकियाँ......
sonbhadra
3:43 PM, July 15, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• डॉयट परिसर से निकली जागरूकता रैली, 100% नामांकन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया गया जोर
सोनभद्र । बेसिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित स्कूल चलो अभियान (फेज-2) का आज जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर से भव्य शुभारंभ किया गया। सदर विधायक भूपेश चौबे ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा शत-प्रतिशत नामांकन का संकल्प लिया। डायट परिसर से निकली रैली उरमौरा क्षेत्र का भ्रमण करते हुए पुनः डायट पहुंची। रैली के माध्यम से लोगों को प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन कराने तथा शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि "प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार ऐतिहासिक कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 1200 रुपये ड्रेस, जूता-मोजा, बैग एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री खरीदने के लिए भेजे जा रहे हैं। जिन लाभार्थियों को अभी राशि प्राप्त नहीं हुई है, उन्हें भी जल्द भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों को मुख्यमंत्री द्वारा घोषित कैशलेस चिकित्सा योजना लागू किए जाने को भी सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।"
मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने शिक्षकों का आह्वान करते हुए कहा कि "स्कूल चलो अभियान को जन-जन का अभियान बनाना होगा। उन्होंने शत-प्रतिशत नामांकन, विद्यालयों के कायाकल्प और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले के अधिकांश शिक्षक उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं और सभी के सामूहिक प्रयास से शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है।"
समाज कल्याण राज्यमंत्री के प्रतिनिधि संजीव कुमार त्रिपाठी तथा सदर ब्लॉक प्रमुख अजित रावत ने भी सरकार की शिक्षा संबंधी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा, एसबीआई के साथ निःशुल्क सामूहिक दुर्घटना बीमा तथा छात्रों को डीबीटी के माध्यम से आर्थिक सहायता जैसी योजनाएं शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, सभी खंड शिक्षा अधिकारी, एसआरजी, एआरपी, बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डायट प्रवक्ता ऋचा ओझा ने किया, जबकि अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।




