Sonbhadra news : 55वें वर्ष भी सजेगा राधा-कृष्ण मंदिर का भव्य जन्माष्टमी मेला
नगर के मुर्धवा स्थित जनपद के प्रसिद्ध राधा-कृष्ण मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर इस वर्ष लगातार 55वें वर्ष भव्य मेले का आयोजन किया जा रहा है।

sonbhadra
9:02 AM, September 3, 2026
मनोज वर्मा (संवाददाता)
★ झारखंड और छत्तीसगढ़ समेत दूर-दराज से उमड़ेंगे श्रद्धालु, फूलों व रंग-बिरंगी झालरों से जगमगाया मंदिर परिसर
रेणुकूट (सोनभद्र)। नगर के मुर्धवा स्थित जनपद के प्रसिद्ध राधा-कृष्ण मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर इस वर्ष लगातार 55वें वर्ष भव्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। जन्माष्टमी को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। फूलों, कृत्रिम पुष्पों और इलेक्ट्रॉनिक झालरों से सजा मंदिर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। वहीं, मंदिर के बाहर सड़क की दोनों पटरियों पर दो दिन पहले से ही विभिन्न प्रकार की दुकानें सजने लगी हैं।
मुर्धवा स्थित इस ऐतिहासिक राधा-कृष्ण मंदिर की जन्माष्टमी का मेला अपनी भव्यता और आस्था के लिए पूरे जनपद में प्रसिद्ध है। जन्माष्टमी के दिन यहां सोनभद्र के कोने-कोने से श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके अलावा पड़ोसी राज्य झारखंड और छत्तीसगढ़ से भी बड़ी संख्या में भक्त मंदिर में दर्शन और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में शामिल होने आते हैं। मंदिर की देखरेख कर रहे स्वामी सुखदेवानंद आश्रम ट्रस्ट के सचिव गोपाल सिंह ने बताया कि राधा-कृष्ण मंदिर के प्रति आसपास के जिलों के साथ ही झारखंड और छत्तीसगढ़ के लोगों की भी गहरी आस्था जुड़ी हुई है। वर्षों से जन्माष्टमी के अवसर पर यहां मेले का आयोजन होता आ रहा है।
मंदिर के विशाल प्रांगण की साज-सज्जा को अंतिम रूप देने के लिए बाहर से आए करीब 20-22 कारीगर पिछले एक सप्ताह से जुटे हुए हैं। राधा-कृष्ण समेत मंदिर में स्थापित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को विशेष परिधान पहनाकर कोलकाता और वाराणसी से मंगाए गए रंग-बिरंगे ताजे फूलों से सजाया जा रहा है।
राधा-कृष्ण की मनोहारी झांकी के दर्शन और जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है। मंदिर परिसर में लगातार भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। जन्माष्टमी की रात मंदिर में होने वाले विशेष जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।




