Sonbhadra News : महानवमी पर सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं कन्या पूजन का भव्य आयोजन
समिति द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना

sonbhadra
1:46 PM, October 20, 2026
दिलीप श्रीवास्तव/प्रकाश खत्री (संवाददाता)
चुर्क (सोनभद्र) । महानवमी के पावन अवसर पर श्री-श्री माँ इच्छापूर्णी दुर्गा पूजा समिति, लेबर कॉलोनी चुर्क के तत्वावधान में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं डांडिया नृत्य के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न हुआ तथा कन्या पूजन कर कन्याओं को देवी स्वरूप मानते हुए उनका सम्मान किया गया। इस अवसर पर भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
समिति द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना तथा भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना रहा। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर यह संदेश दिया कि बच्चे केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान समाज की सकारात्मक ऊर्जा और बदलाव के सशक्त वाहक भी हैं।
समिति का मानना है कि ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी कला, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। साथ ही, बच्चों में आपसी सहयोग, सामाजिक एकता, संस्कार और सामूहिक सहभागिता की भावना भी मजबूत होती है।




