Sonbhadra News : श्री शंकर झंकार नाट्यकला परिषद द्वारा नाटक के मंचन का भव्य आगाज
छः दिवसीय नाट्यकला के मंचन का शुभारम्भ

सोनभद्र
12:23 PM, October 15, 2025
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)।।थाना क्षेत्र के ग्राम महुली महुअरिया टोला में मंगलवार को श्री शंकर झंकार नाट्य कला परिषद द्वारा आयोजित नाट्य महोत्सव का भव्य आगाज हुआ।
बतौर मुख्य अतिथि सुरेंद्र अग्रहरि गुरुजी, पूर्व जिला महामंत्री भाजपा, ने फीता काट कर नाट्यकला के मंचन का भव्य आगाज किया।
उद्घाटन समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि सुरेंद्र अग्रहरि ने कहा कि मंच केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है। यह समाज के भीतर छिपी सच्चाइयों और संवेदनाओं का दर्पण है। कलाकार जब मंच पर उतरता है, तो वह सिर्फ अभिनय नहीं करता, बल्कि समाज में जागरूकता और परिवर्तन की ज्वाला प्रज्वलित करता है। यहां यह विशेष खुशी की बात है कि हिंदू और मुस्लिम दोनों धर्मों के कलाकार मिलकर नाटक का मंचन कर रहे हैं, जो हमारी गंगा-जमुनी तहजीब का जीवंत उदाहरण है। नाटक बच्चों और युवाओं में आत्मविश्वास, साहस और सामाजिक समझ पैदा करता है। यह मंच उन्हें अपने डर और झिझक से बाहर निकालने का अवसर देता है। नाटक ही वह विधा है, जो मनुष्य के अंदर परिवर्तन और नैतिक चेतना जगाती है।
विशिष्ट अतिथि जुबेर आलम ने अपने सम्बोधन में कहा कि कला समाज में समानता और सौहार्द का संदेश देती है। यह किसी धर्म, जाति या वर्ग में भेदभाव नहीं करती। इस परिषद ने ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देकर उनमें आत्मविश्वास और सामाजिक चेतना पैदा की है। महुली जैसे क्षेत्र में इस तरह का आयोजन समाज को जोड़ने और संस्कृति की जड़ें मजबूत करने का उदाहरण है। उन्होंने समिति के अध्यक्ष अरविंद जायसवाल को गांव के विकास के प्रति समर्पण की भावना की सराहना की।
पहले दिन ‘प्यार का सागर उर्फ कुदरत का करिश्मा’ का भावनात्मक मंचन हुआ।




