Sonbhadra News : दो दिवसीय दौरे पर आज सोनभद्र पहुंचेंगी राज्यपाल आनंदी बेन पटेल
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल दो दिवसीय भ्रमण पर आज जिले में आएंगी। वह विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। राज्यपाल को पहले 19 दिसंबर को आना था, मगर मंगलवार को कार्यक्रम मे..

महामहिम राज्यपाल आनंदी बेन पटेल
sonbhadra
5:48 AM, December 18, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । राज्यपाल आनंदी बेन पटेल दो दिवसीय भ्रमण पर आज जिले में आएंगी। वह विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। राज्यपाल को पहले 19 दिसंबर को आना था, मगर मंगलवार को कार्यक्रम में बदलाव हुआ है। आगमन को लेकर जहाँ जिला प्रशासन सतर्क हो गया है, वहीं सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस व खुफिया इकाई की सतर्कता बढ़ा दी गई है।
राज्यपाल 18 दिसंबर को अपराह्न दो बजे एनटीपीसी रिहंद में बने हेलीपैड पर उतरेंगी और यहां से सीधे एनटीपीसी के विश्राम गृह जाएंगी। शाम 4 बजे से एनटीपीसी रिहंद के सभागार में विकास योजनाओं से जुड़े अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगी। इसके बाद 19 दिसंबर को सेवाकुंज आश्रम चपकी में सुबह सवा नौ बजे पहुंचेंगी। जहाँ आदिवासी, वनवासी समाज के लोगों को वनाधिकार पट्टे के खतौनी का वितरण करेंगी साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण किट प्रदान करेंगी।यहीं नहीं वह ग्रीन ग्रुप की महिलाओं से भी मुलाकात कर सम्मानित करेंगी।
राज्यपाल के आगमन की तैयारियों को लेकर डीएम बद्रीनाथ सिंह व एसपी अशोक कुमार मीणा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान विकास के सभी बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए खामियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए। शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण से जुड़ी योजनाओं पर विशेष जोर रहा। डीएम ने कहा कि इसमें किसी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।
बैठक में एडीएम सहदेव कुमार मिश्र, एएसपी त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी, प्रभारी सीडीओ (डीडीओ) शेषनाथ चौहान सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।




