Sonbhadra News : आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब देगी भारत सरकार - रामाशीष राय
राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा की। इसे बड़ी सुरक्षा चूक करार देते हुए कहा कि आतंकियों ने कायराना हरकत की है, जिसका सरकार कड़ा जवाब भी देगी....

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए रालोद के प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय....
sonbhadra
8:59 PM, April 23, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा की। इसे बड़ी सुरक्षा चूक करार देते हुए कहा कि आतंकियों ने कायराना हरकत की है, जिसका सरकार कड़ा जवाब भी देगी। बुधवार को सोनभद्र पहुंचे रामाशीष राय ने सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसके उपरांत वह पत्रकारों से मुख़ातिब हुए।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने बताया कि "उनका सोनभद्र आने का मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों क़ो पार्टी से जोड़ना और सदस्यता अभियान क़ो गति देना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय लोकदल की मजबूती, एनडीए की मजबूती है। आगामी पंचायत चुनावों को देखते हुए पार्टी प्रदेशभर में पूरी सक्रियता से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक दल को जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से विशेष सदस्यता अभियान की शुरुआत 14 अप्रैल को डॉ0 भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर की गई है और यह अभियान सितंबर तक चलेगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान किसानों, मजदूरों, अनुसूचित जातियों, पिछड़े वर्गों और अल्पसंख्यक समुदायों को पार्टी से जोड़ने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।"
पार्टी पर पश्चिम उत्तर प्रदेश की पार्टी होने के टैग पर उन्होंने कहा कि पूर्व में पूर्वांचल में रालोद एक मजबूत पार्टी हुआ करती थी लेकिन पूर्वांचल में नए सदस्यों को पार्टी से जोड़कर एक बार पुनः पार्टी को मजबूती के साथ खड़ा किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक दल किसानों, गरीबों, मजदूर की पार्टी है और उनके हितों की आवाज के लिए सदैव खड़ी रहती है।
आगामी पंचायत चुनाव के सवाल पर उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक दल एनडीए का घटक दल है। सभी संभावित प्रत्याशियों को अभी से तैयारी करने का निर्देश दिया जा चुका है जिससे चुनाव जीतने पर एनडीए के हाथों को और मजबूत किया जा सके।




