गणतंत्र दिवस के पूर्व संध्या पर बाजारों में तिरंगे की छटा बिखर रही थी। जिला मुख्यालय से सटे नगर सहित सभी कस्बों में राष्ट्रप्रेम का माहौल नजर आया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और सड़क किनारे स्टॉलों पर तिरंगा झंडा, रिस्ट बैंड, टोपी, टी-शर्ट, बैज, गुब्बारे और अन्य तिरंगा-थीम वाले उत्पादों की भरमार दिखी। वहीं देशप्रेम से ओत-प्रोत लोग काफी उत्साह के साथ खरीदारी करते दिखे। इस दौरान विशेष रूप से बच्चों और युवाओं में तिरंगे को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चे तिरंगा झंडा और बैज खरीदते नजर आ रहे हैं, वहीं युवा वर्ग तिरंगा प्रिंटेड टी-शर्ट, कैप और रिस्ट बैंड पसंद कर रहा था। दुकानदारों के अनुसार पिछले कुछ दिनों में बिक्री में काफी बढ़ोतरी हुई है और गणतंत्र दिवस तक मांग खूब बढ़ी है। बाजारों में अस्थायी स्टॉल लगाने वाले छोटे व्यापारियों के लिए यह समय विशेष लाभदायक साबित हो रहा है। कई दुकानदारों का कहना है कि हर साल की तरह इस साल भी गणतंत्र दिवस से पहले तिरंगे से जुड़े सामानों की मांग तेज है। लोगों में देश के प्रति सम्मान और गर्व की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।