Sonbhadra News : स्वास्थ्य विभाग की नेक पहल, राज्यपाल के आगमन पर 100 छात्राओं को निःशुल्क लगेगा एचपीवी का टीका
बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए स्वास्थ्य महकमा एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल कर रहा है। आगामी 25 फरवरी को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के संभावित आगमन के अवसर पर पंचायत..…

सीएमओ डॉ0 पंकज कुमार राय...
sonbhadra
11:24 PM, February 23, 2026
आनन्द कुमार चोबे (संवाददाता)
सोनभद्र । बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए स्वास्थ्य महकमा एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल कर रहा है। आगामी 25 फरवरी को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के संभावित आगमन के अवसर पर पंचायत रिसोर्स सेंटर में विशेष टीकाकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 100 छात्राओं को एचपीवी का टीका नि:शुल्क लगाया जाएगा। इस कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस विशेष टीकाकरण अभियान में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय रॉबर्ट्सगंज की छात्राओं को शामिल किया गया है। चयनित छात्राओं को स्वास्थ्य विभाग की विशेषज्ञ टीम की तरफ से पूरी सुरक्षा और चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप टीका लगाया जाएगा साथ ही छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर, इसके कारण, लक्षण और बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी जाएगी, ताकि वे भविष्य में अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रह सकें।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम माना जाता है। यह टीका किशोरावस्था में लगाने से भविष्य में कैंसर होने का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को समय रहते सुरक्षा प्रदान करना और समाज में इस बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। राज्यपाल के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन की तरफ से कार्यक्रम स्थल की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पंचायत रिसोर्स सेंटर में टीकाकरण के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है, जहां स्वास्थ्य विभाग की टीम, प्रशिक्षित स्टाफ और आवश्यक संसाधन उपलब्ध रहेंगे। यह टीकाकरण कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग द्वारा हिंडालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड के सीएसआर के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। कंपनी की तरफ से सामाजिक दायित्व के तहत इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल में सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिससे छात्राओं को बिना किसी शुल्क के यह जीवनरक्षक टीका उपलब्ध हो सके।कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े संदेश भी दिए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार आने वाले समय में इस अभियान का विस्तार कर अधिक से अधिक किशोरियों को एचपीवी टीकाकरण से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।
वहीं टीकाकरण कार्यक्रम के संबंध में सीएमओ डॉ0 पंकज कुमार राय ने बताया कि "जिले में 25 फरवरी को राज्यपाल के संभावित आगमन को लेकर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की 100 छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीका लगाया जाएगा। हिंडालको के सीएसआर के सहयोग से कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। इस दौरान जिले के क्षय रोगियों को पोषण किट पोटली का वितरण तथा पांच लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड भी दिया जाएगा। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगभग सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।"



