Sonbhadra News : 41वें डीएम के रूप में चर्चित गोंड ने सम्हाली जिले की कमान, बोले - विकास के साथ पर्यटन को मिलेगी रफ्तार
खनिज संपदा के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक धरोहरों से समृद्ध सोनभद्र को अब नई प्रशासनिक दिशा मिलने की उम्मीद है। जिले के 41वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभालते ही 2016 बैच के आईएएस.....

मीडिया से मुखातिब होते हुए नवागत डीएम चर्चित गोंड......
sonbhadra
5:17 PM, April 25, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । खनिज संपदा के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक धरोहरों से समृद्ध सोनभद्र को अब नई प्रशासनिक दिशा मिलने की उम्मीद है। जिले के 41वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभालते ही 2016 बैच के आईएएस अधिकारी चर्चित गौड़ ने साफ संकेत दिए कि पर्यटन की अपार संभावनाओं को विकास की मुख्य धुरी बनाया जाएगा। उन्होंने पर्यटन स्थलों के सुनियोजित विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और बेहतर कनेक्टिविटी पर विशेष फोकस देने की बात कही, ताकि सोनभद्र को पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाई जा सके। इसके साथ ही जनसुनवाई, राजस्व निस्तारण और कानून-व्यवस्था को भी प्राथमिकता में रखते हुए संतुलित विकास की रूपरेखा सामने रखी।
नवागत जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने कहा कि "शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण, राजस्व से जुड़े मामलों का समयबद्ध समाधान और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में निर्माणाधीन परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समयावधि में पूरा कराया जाएगा। साथ ही, सोनभद्र में पर्यटन की अपार संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए पर्यटन से जुड़ी योजनाओं को भी तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। भूमि विवादों के मामलों के निस्तारण पर भी विशेष फोकस रहेगा, ताकि आमजन को राहत मिल सके।"
इससे पहले चर्चित गौड़ ने अपना परिचय देते हुए बताया कि "वह वर्ष 2016 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं। उन्होंने आईआईटी दिल्ली से वर्ष 2015 में केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। इससे पूर्व वह उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीएसआईडीए) में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर तैनात थे। इसके अलावा आगरा विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष और फिरोजाबाद में मुख्य विकास अधिकारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।"
कार्यभार ग्रहण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे रोहित यादव, वरिष्ठ कोषाधिकारी इन्द्रभान सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, प्रशासनिक अधिकारी रामलाल यादव, ओएसडी जिलाधिकारी राम आधार, मुरारी गिरि सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




