Sonbhadra News : प्रेमिका ने पति व भांजे संग मिलकर की थी प्रेमी प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
घोरावल कोतवाली क्षेत्र के नौगढ़वा गांव में प्रॉपर्टी डीलर कुंवर मौर्य की हत्या कर उसका शव मिर्जापुर जिले के सिरसी डैम में फेंके जाने के मामले का आज पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्या में.......

sonbhadra
4:36 PM, April 1, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । घोरावल कोतवाली क्षेत्र के नौगढ़वा गांव में प्रॉपर्टी डीलर कुंवर मौर्य की हत्या कर उसका शव मिर्जापुर जिले के सिरसी डैम में फेंके जाने के मामले का आज पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्या में शामिल मृतक की कथित प्रेमिका, इसके पति और भांजे को गिरफ्तार कर लिया है।
अन्यत्र भागने की फिराक में अभियुक्तों को पुलिस ने घेरेबंदी कर दबोचा -
आज पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि "चंदौली के रहने वाले कुंवार मौर्या (50वर्ष) पेशे से प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे का घोरावल निवासी लीलावती से अवैध संबंध था और 22 मार्च को वह सोनभद्र में अपनी कथित प्रेमिका लीलावती से मिलने के लिए अपने ड्राइवर रोहित संग पहुंचे थे। इस दौरान देर रात उनकी हत्या कर दी गई और शव को पास के ही एक नहर में पत्थर से बांधकर फेंक दिया गया था, शव बरामद कर घटना के खुलासा के लिए प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान प्रॉपर्टी डीलर के ड्राइवर रोहित ने बताया है कि उसके मालिक की हत्या पेढ़ नौगढ़वा-घोरावल निवासी लीलावती, उसके पति साहब लाल मौर्य पुत्र संग्राम मौर्य तथा पडरिया-घोरावल निवासी चंद्रशेखर मौर्य उर्फ मखंचु पुत्र छोटेलाल ने ही हत्या की है। जिस पर पुलिस ने आज घेरेबंदी कर वाहन का इंतजार कर रहे तीनों अभियुक्तों को खुटहां बाईपास से गिरफ्तार कर लिया। वहीं पूछताछ में अभियुक्तों ने कुंवर मौर्य की हत्या करना स्वीकार किया।"
ड्राइवर ने परिजनों को दी जानकारी -
घटना के बाद रोहित वापस चंदौली लौट आया और उसने यह बात कुंवार मौर्या के परिजनों को बता दी। कुंवर के भाई घासी मौर्य ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि उसके भाई का सोनभद्र की रहने वाली लीलावती से प्रेम प्रसंग था और 22 मार्च को वह किसी काम से सोनभद्र गए थे और लीलावती के ही घर पर रुके थे। इस दौरान लीलावती ने अपने पति और भांजे संग मिलकर उनकी हत्या कर शव को खाई में फेंक दिया।
हत्या कर खाई में फेंका था शव -
प्रॉपर्टी डीलर के ड्राइवर रोहित ने पुलिस को बताया कि "देर रात लीलावती ने उसे जगाया और कहा कि उसने अपने पति और भांजे संग मिलकर कुंवार मौर्या की हत्या कर दी है। ड्राइवर ने बताया कि लीलावती ने उससे प्रॉपर्टी डीलर के शव को ठिकाने लगाने की बात कही और उसकी गाड़ी की दिग्गी में शव को रखकर सिरसा डैम की खाई में पत्थर बांधकर फेंक दिया। ड्राइवर ने आरोप लगाया है कि लीलावती ने इस भेद को खोलने पर उसे जान से मारने की धमकी दी थी।"
प्रेमिका के बेटी और मखंचू की बहन पर गलत नीयत रखता था कुंवर मौर्य -
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि "पूछताछ के दौरान अभियुक्ता लीलावती ने बताया कि मृतक कुंवर मौर्य पुत्र स्व0 कालिका मौर्य उसके रिश्तेदार थे। रिश्ते में वह उसके ननदोई नगरु मौर्य के सगे भाई थे। रिश्तेदारी के कारण उनका उसके यहां आना-जाना रहता था तथा इस दौरान उनके साथ उसके साथ नजदीकी संबंध भी स्थापित हो गए थे। वह जमीन खरीदने-बेचने का कार्य करते थे तथा लालगंज-मिर्जापुर में किराये का कमरा लेकर रहते थे और उसके घर ग्राम नौगढ़वा पेढ़ अक्सर आते-जाते रहते थे। उसकी बहन का लड़का चन्द्रशेखर मौर्य उर्फ मखंचू से जमीन खरीदने से होने वाले मुनाफे में हिस्सा देने की बात कहकर करीब एक वर्ष पूर्व कुंवर मौर्य ने 7 लाख रुपये उधार लिया था। उक्त धनराशि चन्द्रशेखर ने ब्याज पर लेकर दी थी। काफी समय बीतने पर जब भी पैसे की मांग की जाती तो कुंवर मौर्य टालमटोल करते रहते थे। उसकी पुत्री सुमन मौर्य की शादी कुंवर मौर्य ने सकलडीहा-चंदौली हर्ष पुत्र विजयी से कराई गई थी। सुमन मौर्य के ससुराल पक्ष ने उसके नाम से लगभग 6 बिस्वा जमीन खरीदी गई थी, किन्तु कुछ समय पश्चात कुंवर मौर्य ने उक्त शादी तुड़वा दी तथा अपने पुत्र रवि मौर्य से उसका विवाह करा दिया। विवाह के बाद भी सुमन सुमन मौर्य को बहू के रूप में अपने गांव नहीं ले जाया गया तथा उसे सकलडीहा में किराये के मकान में रखा गया। रवि मौर्य चेन्नई में रहकर निजी नौकरी करता है। इसी दौरान सुमन मौर्य के नाम की जमीन को लगभग 15 लाख रुपये में बेचकर उसकी धनराशि कुंवर मौर्य ने अपने खाते में जमा कर ली तथा उसकी पुत्री के खाते में नहीं डाली। उसकी पुत्री ने उसे बताया कि कुंवर मौर्य उसके प्रति गलत नजर रखते थे। पूछताछ में यह भी प्रकाश में आया कि सह-अभियुक्त चन्द्रशेखर मौर्य उर्फ मखंचू की बहन, जो बोलने में असमर्थ (गूंगी) थी, की शादी भी मृतक कुंवर मौर्या द्वारा तुड़वा दी गई थी तथा उसके प्रति भी उसकी नीयत ठीक नहीं थी, जिससे अभियुक्तों के मन में उसके प्रति और अधिक आक्रोश उत्पन्न हो गया था।"
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम का विवरण -
अभियुक्तों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना घोरावल बृजेश सिंह, उप निरीक्षक सुनील कुमार, का0 योगेश पटेल, का0 हरिश्याम, म0का0 दिव्या त्रिपाठी व चालक का0 शिवमंगल यादव शामिल रहे।



