Sonbhadra news : पेड़ से लटका मिला युवती का शव, प्रेम प्रसंग की आशंका के बीच पुलिस को मिला सुसाइड नोट
19 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में महुआ के पेड़ से लटकता हुआ पाया गया।


Office Address :सोनभद्र, उत्तरप्रदेश (231216)
Chief Editer :Shantanu Kumar Biswas
Contact Us :+91 9415873885

Janpad Mirror
राजेश कुमार (संवाददाता)
बभनी (सोनभद्र): बभनी थाना अंतर्गत बरवाटोला ग्राम पंचायत के सेवड़ी टोला में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक 19 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में महुआ के पेड़ से लटकता हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजकर तफ्तीश शुरू कर दी है।
महुआ बीनने गए बच्चों ने देखा शव
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सेवड़ी टोला की रहने वाली फूलमती (पिता: सोनशाय) शुक्रवार सुबह तड़के महुआ का फल (डोरी) इकट्ठा करने के लिए अपने घर से निकली थी। सुबह करीब 6 बजे जब कुछ बच्चे वहाँ महुआ बीनने पहुँचे, तो उन्होंने पेड़ से युवती का शव लटका हुआ देखा। बच्चों के शोर मचाने पर भारी संख्या में ग्रामीण वहाँ एकत्र हो गए, जिसके बाद मृतका के परिजनों और पुलिस को इस बात की सूचना दी गई।
मौके से बरामद हुए सुसाइड नोट और तस्वीर
मामले की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक मक्खन लाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। जाँच के दौरान पुलिस को मौके से युवती का मोबाइल फोन मिला, जिसकी बैटरी बाहर निकली हुई थी और सिम कार्ड टूटा हुआ था। इसके अलावा घटनास्थल से चप्पल और गुल की डिब्बी भी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, जिस दुपट्टे से शव लटका हुआ था, उसी डाल के पास से एक कथित सुसाइड नोट और एक युवक की फोटो भी बरामद की गई है। पुलिस ने इन सभी सामग्रियों को साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
शुरुआती तौर पर इस घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वे सभी कोणों से मामले की बारीकी से जाँच कर रहे हैं। पंचनामे की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है।
बभनी के प्रभारी निरीक्षक दीनू प्रसाद यादव ने बताया कि घटना की गहराई से जाँच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही मौत की सही वजह साफ हो पाएगी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सम्बंधित खबर
अपना जिला