Sonbhadra News : मातृशक्ति को 'मुफ्त सफर' की सौगात, अहिल्याबाई यात्रा से विकास भवन में दिखा नारी शक्ति का दम
लोकमाता अहिल्याबाई के त्याग, सेवा, सुशासन और जनकल्याण की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को विकास भवन स्थित पंचायत रिसोर्स सेंटर में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा का......

sonbhadra
3:47 PM, August 26, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । लोकमाता अहिल्याबाई के त्याग, सेवा, सुशासन और जनकल्याण की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को विकास भवन स्थित पंचायत रिसोर्स सेंटर में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। महिलाओं की भारी मौजूदगी से विकास भवन परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लाइव संबोधन ने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं के उत्साह को और बढ़ा दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई का जीवन नारी शक्ति, सेवा, सुशासन और जनकल्याण की ऐसी प्रेरणादायी गाथा है, जो आज भी समाज को दिशा देती है। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई ने अपने शासनकाल में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और महिलाओं समेत समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए उल्लेखनीय कार्य किए।
60 पार महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा, राखी पर तीन दिन सभी बहनों को फ्री सफर -
जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभ देने तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि उन्हें सम्मान, सुरक्षा, सुविधा और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़कर सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसी क्रम में 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा दी गई है। रक्षाबंधन के पर्व पर भी तीन दिनों तक सभी महिलाओं को बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं के सम्मान और उनकी यात्रा को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जनपद के उत्पादों को बाजार नहीं, अब मिलेगी ब्रांड पहचान -
जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर देते हुए कहा कि "जिले की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों में स्थानीय हुनर और संभावनाओं की कमी नहीं है। जरूरत है तो उन्हें सही बाजार और पहचान दिलाने की। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की ब्रांडिंग, आकर्षक पैकेजिंग और बेहतर मार्केटिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि सोनभद्र के स्थानीय उत्पादों को देश ही नहीं, बल्कि विश्व स्तरीय बाजार में पहचान मिल सके। उन्होंने कहा कि उत्पादों का बाजार बढ़ने से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की आय में वृद्धि होगी और वे आर्थिक रूप से मजबूत होकर अपने परिवार और समाज के विकास में और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेंगी।"
समूह की महिलाओं ने डीएम को बांधी बांस से बनी राखी -
कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने स्थानीय स्तर पर तैयार की गई बांस की खूबसूरत राखी जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की कलाई पर बांधी। बांस से तैयार राखी देखकर जिलाधिकारी ने महिलाओं के हुनर की सराहना की और उनके प्रयासों को प्रोत्साहित किया। रक्षाबंधन के अवसर पर स्थानीय उत्पादों से तैयार राखी ने कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं की प्रतिभा और आत्मनिर्भरता का संदेश भी दिया।
501 महिलाओं के चेहरों पर खिली मुस्कान -
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने रक्षाबंधन से पूर्व 501 महिलाओं को साड़ी और मिठाई वितरित की। सौगात मिलने पर महिलाओं के चेहरे पर खुशी और उत्साह नजर आया। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया।
ये रहे मौजूद -
इस अवसर पर एडीएम वागीश शुक्ला, एसडीएम आशीष त्रिपाठी, डीडीओ हेमंत सिंह, डीपीआरओ नमिता शरण, अपर सूचना अधिकारी विनय सिंह, डीपीओ विनीत सिंह, विंध्य नगर डिपो के एआरएम नागेंद्र पांडेय, सोनभद्र डिपो के एआरएम नंदलाल वर्मा, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह, इशिका चौबे, गुड़िया तिवारी, किरण तिवारी, प्रमिला जायसवाल, मीनू चौबे सहित अन्य अधिकारी, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।




