Sonbhadra news : घाघर का रौद्र रूप! तीसरी बार बहा वैकल्पिक मार्ग, मचा हाहाकार
चोपन थाना क्षेत्र के गुरमा-मारकुंडी इलाके में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।

sonbhadra
12:39 PM, September 1, 2026
राकेश चौबे
-- वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर भी पानी का तेज बहाव, अवई-ओबरी और सलखन की बस्तियां में भरा पानी
मारकुंडी, (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के गुरमा-मारकुंडी इलाके में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश के कारण ताल-तलैया, नदी-नाले उफान पर हैं। वहीं, घाघर बैराज का बांध खोले जाने के बाद घाघर नदी का जलस्तर और बहाव तेजी से बढ़ गया है।
घाघर नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से मारकुंडी जिला जेल को जोड़ने वाला मुख्य वैकल्पिक संपर्क मार्ग एक बार फिर टूटकर बह गया। यह मार्ग तीसरी बार नदी के तेज बहाव में बहा है। मार्ग बंद होने से ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सलखन गांधी स्मारक निधि से दीपचंद भारती के घर तक का पूरा बस्ती क्षेत्र जलमग्न हो गया है। बस्ती में पानी भर जाने से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। कई परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने और सुरक्षित स्थान तक पहुंचने की समस्या खड़ी हो गई है।
इधर, मारकुंडी मुख्य राजमार्ग स्थित अवई-ओबरी बस्ती में भी पानी भर गया है। वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर कई स्थानों पर पानी का तेज बहाव शुरू हो गया है, जिससे छोटे-बड़े वाहनों के आवागमन में भी परेशानी पैदा हो रही है।
लगातार बढ़ते जलस्तर और मार्गों पर पानी के तेज बहाव से क्षेत्रवासियों में दहशत और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत पहुंचाने के साथ ही क्षतिग्रस्त मार्ग पर आवागमन की वैकल्पिक व्यवस्था कराने की मांग की है।




