Sonbhadra News : दुकानों के बाहर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा, छात्राएं-महिलाएं परेशान, पुलिस से कार्रवाई की मांग
एनटीपीसी के व्यस्त मानसरोवर शॉपिंग सेंटर में स्थित एक मोमोज की दुकान के बाहर शाम होते ही युवकों का जमावड़ा लगने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

sonbhadra
9:25 PM, May 3, 2026
विजय कुमार पटेल (संवाददाता)
० बीजपुर मानसरोवर शॉपिंग सेंटर का मामला
बीजपुर (सोनभद्र) । एनटीपीसी के व्यस्त मानसरोवर शॉपिंग सेंटर में स्थित एक मोमोज की दुकान के बाहर शाम होते ही युवकों का जमावड़ा लगने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि यहां इकट्ठा होने वाले कुछ युवक नशे की हालत में रहते हैं और गलत तरीके से बाइक खड़ी कर रास्ता अवरुद्ध कर देते हैं।
शॉपिंग सेंटर में खरीदारी करने आने वाली महिलाओं और छात्राओं ने बताया कि शाम 6 बजे के बाद दुकान के सामने से निकलना मुश्किल हो जाता है। नाम न छापने की शर्त पर एक छात्रा ने बताया, "लड़के झुंड बनाकर खड़े रहते हैं, कमेंट करते हैं। डर के कारण हम दूसरी दुकानों पर जाना पसंद करते हैं।"
स्थानीय दुकानदारों का भी कहना है कि गलत पार्किंग के कारण ग्राहकों की गाड़ियां फंस जाती हैं। अक्सर कहासुनी की नौबत आ जाती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जमावड़ा करने वाले अधिकांश युवक मोमोज दुकान संचालक के परिचित हैं। लोगों को शक है कि बिना रोक-टोक के कारण ही असामाजिक तत्वों का हौसला बढ़ रहा है।
इस संबंध में जब मोमोज दुकान संचालक से पक्ष जानना चाहा तो उन्होंने कहा, "हमारा काम मोमोज बेचना है। दुकान के बाहर सार्वजनिक सड़क है, वहां कौन खड़ा है इस पर हमारा नियंत्रण नहीं है। हम खुद चाहते हैं कि शांति रहे, क्योंकि इससे हमारी दुकान की बदनामी होती है। अगर कोई बदतमीजी करता है तो हम मना करते हैं।"
स्थानीय निवासी सुनील जायसवाल ने कहा, "हमने कई बार दुकानदार को समझाया कि अपने ग्राहकों को लाइन से बाइक लगाने को कहे। लोगों ने बीजपुर पुलिस से मांग की है कि शॉपिंग सेंटर में शाम के समय नियमित गश्त की जाए और गलत तरीके से वाहन खड़ा करने वालों का चालान किया जाए। वहीं कुछ लोगों ने एनटीपीसी प्रबंधक से गुहार लगाई कि ऐसे दुकानदारों पर जल्द से जल्द कार्रवाई करें




