Sonbhadra News : शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 2.27 करोड़ की ठगी, साइबर क्राइम पुलिस ने आरोपी को गोरखपुर से किया गिरफ्तार
सोनभद्र साइबर क्राइम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 2.27 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को गोरखपुर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी फर्जी ट्रेडिंग ऐप के जरिए लोगों.........

गिरफ्तार अभियुक्त प्रदीप सिंह.....
sonbhadra
8:25 PM, April 10, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• SHAREKHAN EDGE ऐप के जरिए निवेश का झांसा देकर की गई ठगी
• गोरखपुर में ऑफिस खोलकर चल रहा था साइबर फ्रॉड का नेटवर्क
सोनभद्र । सोनभद्र साइबर क्राइम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 2.27 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को गोरखपुर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी फर्जी ट्रेडिंग ऐप के जरिए लोगों को निवेश का लालच देकर ठगी करता था और गोरखपुर में ऑफिस बनाकर गिरोह चला रहा था। पुलिस मामले की जांच कर अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी साइबर के पर्यवेक्षण में गुरुवार की रात साइबर क्राइम पुलिस टीम ने अभियुक्त प्रदीप सिंह को एम्स गोरखपुर के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, बीना (एनसीएल) शक्तिनगर निवासी युगल किशोर तिवारी को 13 जनवरी 2025 को अज्ञात व्यक्ति द्वारा SHAREKHAN EDGE नामक शेयर ट्रेडिंग ऐप का लिंक भेजा गया था। लिंक के माध्यम से ऐप डाउनलोड कराने के बाद आरोपी ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर अलग-अलग तिथियों में कुल 2,27,02,616 रुपये की ठगी कर ली।
पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना सोनभद्र में आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मामले में धारा 318(4) और 316(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी भी की गई। जांच में पता चला कि ठगी की रकम दूसरे चरण में एक्सिस बैंक के खाते में ट्रांसफर की गई थी, जो आरोपी प्रदीप सिंह के नाम पर था। आगे की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गोरखपुर के बैंक रोड स्थित विंध्यवासिनी कॉलोनी में एक कार्यालय संचालित कर रहा था। इस कार्यालय से शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी की जाती थी। संदेह से बचने के लिए कार्यालय के बाहर "सोलर फ्रेंचाइजी" का बोर्ड लगाया गया था और लगभग 10 युवकों को इस काम में लगाया गया था। वहीं पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने अपने अन्य साथियों शत्रुध्न सिंह, कृष्ण मोहन सिंह, विजय बहादुर सिंह, मानबहादुर सिंह और धनंजय मल के साथ मिलकर भी कई लोगों को शेयर ट्रेडिंग में निवेश का लालच देकर ठगी की है। इस मामले में थाना कोतवाली गोरखपुर में भी धारा 316(2) और 336(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार चौधरी, साइबर क्राइम थाना सोनभद्र, हे0का0 शिवनन्दन सिंह, हे0का0 संजय वर्मा, का0 अखिलेश यादव और का0 जयप्रकाश, एसओजी टीम सोनभद्र शामिल रहे।



