Sonbhadra News : दो वर्षीय मासूम की कुँए में गिरने से मौत, परिजनों में कोहराम
विंढमगंज थाना क्षेत्र में जोरुखाड़ गांव का मामला

सोनभद्र
7:16 PM, July 29, 2025
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के जोरुखाड़ गांव में मंगलवार की शाम लगभग 4 बजे एक दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय मासूम की कुएं में गिरकर डूबने से मौत हो गई। इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक दो वर्षीय सिद्धांत पुत्र गम्मा सिंह निवासी जोरुखाड़ खेलते-खेलते घर से कुछ दूरी पर स्थित कुँए के पास पहुंच गया और वह अचानक कुआं में गिर पड़ा। इस दौरान घर पर सिर्फ उसकी बड़ी बहन मौजूद थी, जबकि पिता बाहर काम पर गए हुए थे और मां बड़े बेटे को हॉस्टल से लेने गई थीं। दादा-दादी भी दुद्धी बाजार गए हुए थे।
ग्रामीणों की मदद से मासूम बालक को कुँए से निकालकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।इस हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया।
ग्राम प्रधान विमल यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मासूम के मौत से परिजनों में मातम का आलम है। घटना की सूचना अस्पताल के माध्यम से पुलिस को दे दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।




