Sonbhadra News : चार वाहन आपस में टकराए, पांच लोग घायल
प्रीतनगर में रविवार को तेज रफ्तार के कारण बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अचानक सड़क पर अनियंत्रित होकर एक 16 चक्का भारी वाहन (ट्रक) के बैक लेने से चार गाड़ियां आपस में टकरा गईं।

sonbhadra
5:49 PM, September 14, 2025
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र) । स्थानीय थाना क्षेत्र के प्रीतनगर में रविवार को तेज रफ्तार के कारण बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अचानक सड़क पर अनियंत्रित होकर एक 16 चक्का भारी वाहन (ट्रक) के बैक लेने से चार गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस टक्कर में पांच लोग मामूली रूप से घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर अचानक ट्रक चालक द्वारा बैक लेने की कोशिश की गई, जिससे पीछे चल रही कार और दो अन्य वाहन संतुलन खो बैठे और आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते मौके पर अफरातफरी मच गई। हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर यातायात भी बाधित रहा। घटना की सूचना मिलते ही चोपन थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली कि इस बड़े हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ और समय रहते पुलिस व लोगों की मदद से घायलों को उपचार मिल गया।




