Sonbhadra News : 15 गोवंश के साथ चार पशु तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने 15 गोवंश के साथ चार अंतरराज्यीय पशु तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

sonbhadra
4:55 PM, May 22, 2026
पी.के. विश्वकर्मा (संवाददाता)
कोन, (सोनभद्र)। अपराध एवं पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को पुलिस ने 15 गोवंश के साथ चार अंतरराज्यीय पशु तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार सिंह को गुरुवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि चकरिया चौकी क्षेत्र के सहनई जंगल मार्ग से कुछ लोग गोवंशों को क्रूरता पूर्वक झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की।
करीब रात 9 बजे पुलिस ने 15 पशुओं के साथ चार आरोपियों को पकड़ लिया। बरामद पशुओं में 9 बैल, 3 गाय, 2 बछिया और 1 बछड़ा शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बबलू चौधरी, रामलाल चेरो, विश्रू चौधरी और धुरमन चौधरी के रूप में हुई है। सभी आरोपी हरादाग कला थाना रमुना, जिला गढ़वा (झारखंड) के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गोवंश निवारण अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी को न्यायालय भेज दिया।




