Sonbhadra News : बस चालक को बस से खींचकर अगवा करने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
घटना के बाद चालक ने किसी तरह अपनी जान बचाई थी। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी।

sonbhadra
11:43 PM, September 19, 2026
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल (सोनभद्र)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र में निजी बस चालक को बस से जबरन खींचकर अगवा करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना के बाद चालक ने किसी तरह अपनी जान बचाई थी। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी।
पुलिस के मुताबिक, मामले में सुरेश कुमार पटेल निवासी धोवा, थाना शाहगंज, सूरज पटेल निवासी परमन्दापुर, थाना जंसा, वाराणसी, अभिषेक कुमार राजभर निवासी बच्छाव पश्चिम टोला, थाना रोहनिया, वाराणसी और नीरज कुमार राजभर निवासी परमन्दापुर, थाना जंसा, वाराणसी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों के खिलाफ धारा 140(1), 115(2), 352 और 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुल के पास बस रोककर की मारपीट
रामगढ़ निवासी बस चालक राजकुमार पुत्र भोला प्रसाद ने घोरावल कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि वह निजी बस चलाते हैं और प्रतिदिन रॉबर्ट्सगंज से घोरावल के बीच यात्रियों को लेकर आते-जाते हैं।
चालक के अनुसार, बीते गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे वह बस लेकर रॉबर्ट्सगंज से घोरावल की ओर जा रहे थे। बस खरुआंव ब्लॉक के पास स्थित एक पुल पर पहुंची, तभी सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति ने बस रोकने का इशारा किया। पास में सफेद रंग की एक कार खड़ी थी, जिसकी नंबर प्लेट कथित तौर पर मिट्टी से ढकी हुई थी।
बस रुकते ही कार से तीन अन्य लोग बाहर निकले। आरोप है कि चारों ने चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों और लाठी-डंडों से मारपीट की और उसे जबरन बस से खींचकर कार में बैठा लिया। उस समय बस में चालक के साथ कंडक्टर रिंकू और कई यात्री भी मौजूद थे।
चुनार रोड की ओर ले गए
तहरीर के मुताबिक, आरोपी चालक को कार में बैठाकर चुनार रोड की तरफ करीब 40 किलोमीटर दूर शक्तेशगढ़ ले गए। चालक ने किसी तरह अपनी जान बचाई और बाद में पुलिस को घटना की जानकारी दी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि मामले में नामजद चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद सभी को जेल भेज दिया गया।




