Sonbhadra News : विदेश में नौकरी का झांसा देकर खुलवाते थे बैंक खाते, साइबर ठगी के करोड़ों के नेटवर्क का पर्दाफाश
इन्हीं कंपनियों के माध्यम से भारत में लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया जाता था और उनके बैंक खाते साइबर अपराधियों तक पहुंचाए जाते थे।

sonbhadra
10:48 PM, November 18, 2026
शान्तनु विश्वास/प्रकाश खत्री
सोनभद्र। विदेश में कंपनियां स्थापित कर नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर लोगों के बैंक खाते खुलवाने और उनका इस्तेमाल देशभर में साइबर ठगी की रकम के लेनदेन में करने वाले बड़े नेटवर्क का सोनभद्र साइबर क्राइम पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में प्रयागराज निवासी सौरभ सिंह को गिरफ्तार किया है। जांच में जनपद सोनभद्र से जुड़े बैंक खातों के माध्यम से करीब 37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है, जबकि देशभर में दर्ज करीब 200 साइबर शिकायतों के आधार पर ठगी की कुल रकम 100 करोड़ रुपये से अधिक होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त सौरभ सिंह पुत्र प्रमोद सिंह निवासी नेवढ़िया, थाना करछना, जनपद प्रयागराज अपने सहयोगियों के साथ मिलकर विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों के बैंक खाते खुलवाता था। इसके बाद खाताधारकों से एटीएम कार्ड, पासबुक और सिम कार्ड लेकर उनका इस्तेमाल साइबर अपराध से प्राप्त धनराशि के लेनदेन और हस्तांतरण में किया जाता था।
शारजाह में स्थापित की गई थीं कंपनियां
पूछताछ में सामने आया कि संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह में अनुपम सिंह निवासी गोरडिहा, थाना रॉबर्ट्सगंज की पत्नी प्रतीक्षा सिंह के नाम पर Lab Med Medicine Logistics Company, ASL Logistics Company और Kumar Singh LLC नाम से कंपनियां स्थापित की गई थीं। इन्हीं कंपनियों के माध्यम से भारत में लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया जाता था और उनके बैंक खाते साइबर अपराधियों तक पहुंचाए जाते थे।
10 हजार से एक लाख रुपये तक में खरीदे जाते थे खाते
जांच में यह भी सामने आया कि साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले सेविंग बैंक खातों को 10 से 20 हजार रुपये तथा कॉरपोरेट खातों को 50 हजार से एक लाख रुपये तक देकर प्राप्त किया जाता था। इन खातों को आगे साइबर अपराध में शामिल लोगों को करीब दो लाख रुपये तक में उपलब्ध कराया जाता था। खातों में निवेश, ऑनलाइन गेमिंग, ऑनलाइन शॉपिंग और अन्य माध्यमों से ठगी की रकम मंगाई जाती थी। इसके बाद अलग-अलग खातों में धनराशि स्थानांतरित कर नकद निकासी और क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से साइबर अपराधियों तक पहुंचाई जाती थी।
देशभर में 200 शिकायतें, 100 करोड़ से अधिक की ठगी की आशंका
पुलिस जांच में सोनभद्र से संबंधित विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से करीब 37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन की जानकारी सामने आई है। वहीं, इस नेटवर्क से संबंधित देशभर में NCRP पोर्टल पर करीब 200 साइबर शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली है। शिकायतों और संबंधित धनराशि के आकलन के आधार पर ठगी का आंकड़ा 100 करोड़ रुपये से अधिक होने की आशंका है।
इस नेटवर्क के तार पूर्व में गिरफ्तार अभियुक्तों से भी जुड़े मिले हैं। इससे पहले रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र में रवि पाण्डेय तथा साइबर थाना सोनभद्र में बृजेश कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में नौकरी के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उन्हें अनुपम सिंह और नायब खान के माध्यम से आगे उपलब्ध कराने की जानकारी सामने आई थी।
दुबई समेत कई देशों की कर चुका है यात्रा
पूछताछ में अभियुक्त ने वर्ष 2021 से 2025 के बीच दुबई में रहने तथा नेपाल, थाईलैंड, कंबोडिया और मलेशिया की यात्रा करने की जानकारी दी है। इसके अलावा वीजा में हेरफेर कर फर्जी वीजा उपलब्ध कराने और विभिन्न रास्तों से लोगों को यूरोपीय देशों में भेजने जैसी गतिविधियों की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस इन पहलुओं की भी जांच कर रही है।
थार, 27 बैंक कार्ड और लैपटॉप बरामद
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक महिंद्रा थार चार पहिया वाहन, दो चेकबुक, 27 क्रेडिट एवं डेबिट कार्ड, तीन बैंक पासबुक, केनरा बैंक में खाता खुलवाने का एक फार्म, तीन मोबाइल फोन और एक एप्पल लैपटॉप बरामद किया गया है। इसके अलावा नेपाली और संयुक्त अरब अमीरात की मुद्रा भी बरामद हुई है।
पुलिस मामले में संबंधित बैंक खातों, अन्य संदिग्ध व्यक्तियों, ठगी की रकम के स्रोत और उसके अंतिम हस्तांतरण की कड़ियों की गहनता से जांच कर रही है।




