Sonbhadra News : हादसे के बाद जागा वन विभाग, मिट्टी की सुरंगों को कराया जमींदोज
सोमवार को मिट्टी का टीला ढहने से तीन महिलाओं की मौत के बाद आखिरकार वन विभाग की कुंभकर्णी निद्रा टूट गई। आज जेसीबी के साथ वन विभाग की टीम स्थानीय थाना क्षेत्र के रनटोला के जंगल में पहुंची और वहां....

sonbhadra
11:31 PM, February 25, 2026
एस0 प्रसाद (संवाददाता)
सोनभद्र । सोमवार को मिट्टी का टीला ढहने से तीन महिलाओं की मौत के बाद आखिरकार वन विभाग की कुंभकर्णी निद्रा टूट गई। आज जेसीबी के साथ वन विभाग की टीम स्थानीय थाना क्षेत्र के रनटोला के जंगल में पहुंची और वहां स्थित छुही मिट्टी निकालने के लिए खोदी गई मानव निर्मित सुरंगों को वन विभाग ने बुधवार को जेसीबी से जमींदोज करा दिया। इस दौरान 15 से 20 फिट गहरी सुरंग देख वन विभाग के पसीने छूट गए।
म्योरपुर के किरवानी में बीते सोमवार को मिट्टी का टीला ढहने से तीन महिलाओं की मौत के बाद वन महकमा ने यह कार्यवाही की है। रेंजर जबर सिंह के निर्देश पर गोविंद शाह और विद्या पाण्डेय आदि बुधवार को मौके पर जेसीबी लेकर पहुंचे तो सुरंग देख वन विभाग के पसीने छूट गए। ग्रामीण बुधवार को भी सुरंगों से मिट्टी निकाल रहे थे। सभी को बाहर निकाल वन विभाग की टीम ने सुरंगों को जमीदोज कराया। विभाग ने ग्रामीणों को समझाया कि मिट्टी के लिए अब सुरंग नहीं खोदी जाएगी। ऐसा करने वाले लोगों पर वन विभाग विभागीय कार्यवाही करेगा।
बताते चलें कि सोमवार को बगल के जंगल किरवानी में मिट्टी निकालते समय सुरंग धंसने से तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि दो महिलाएं घायल हो गई थी। स्थलीय निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह और एसपी अभिषेक वर्मा ने जंगल क्षेत्र में खोदी गई सुरंगों को तत्काल बंद कराने का निर्देश दिया था। आदेश के बाद वन विभाग सक्रिय हुआ और बुधवार को कार्यवाही करते हुए सुरंगों को जमींदोज कराया।



