Sonbhadra news : अतिथि गृह में फंदे से लटके मिले वन निगम के डीएलएम, मौत से मचा हड़कंप
वन निगम के डिप्टी लॉगिंग मैनेजर (डीएलएम) सत्यपाल प्रसाद (40) ने गुरुवार देर रात रेणुकूट क्षेत्र स्थित एक निजी अतिथि गृह में फांसी लगाकर जान दे दी।

sonbhadra
6:21 PM, September 25, 2026
मनोज वर्मा (संवाददाता)
रेणुकूट/सोनभद्र। वन निगम के डिप्टी लॉगिंग मैनेजर (डीएलएम) सत्यपाल प्रसाद (40) ने गुरुवार देर रात रेणुकूट क्षेत्र स्थित एक निजी अतिथि गृह में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, देवरिया जिले के भटनी सलेमपुर क्षेत्र के ग्राम भरहे चौरा निवासी सत्यपाल प्रसाद पुत्र जयराम प्रसाद की मूल तैनाती मिर्जापुर डिविजन में थी। वह पिपरी डिविजन का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे। गुरुवार शाम करीब सात बजे वह विभागीय कार्य से रेणुकूट पहुंचे थे और एक निजी अतिथि गृह में ठहरे थे।
बताया जाता है कि देर रात चालक ने उनसे मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका में चालक अतिथि गृह पहुंचा। काफी प्रयास के बाद कमरे का दरवाजा खुला तो सत्यपाल प्रसाद पंखे के सहारे गमछे से लटके मिले। सूचना पर पिपरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर हिंडालको मोर्चरी में रखवा दिया।
शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और वन निगम के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में मोर्चरी पहुंचे। घटना से विभागीय कर्मचारियों में शोक की लहर है।
मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र करीब तीन और पांच वर्ष बताई जा रही है। परिवार वर्तमान में मिर्जापुर में रहता है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के पीछे वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।




