Sonbhadra News : फुटबॉल टूर्नामेंट-डंडई ने सासाराम को चार गोल एवं गया ने अनपरा को एक गोल से हराया
महुली के राजा बरियार शाह खेल मैदान पर खेले जा रहे फुटबॉल टूर्नामेंट का दूसरा दिन

सोनभद्र
6:50 PM, January 19, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता(संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। दुद्धी ब्लाक के महुली कस्बे में चल रहे राजा बरियार शाह मेमोरियल अन्तरराज्यीय फुटबाल टूर्नामेंट के दूसरे दिन दो मैच खेले गए।
पहला मैच झारखंड के डंडई और बिहार राज्य के सासाराम टीम के बीच खेला गया। मैच के पहले हाफ में डंडई के चौदह नंबर जर्सी के खिलाड़ी धनंजय सिंह ने तेरहवें और उन्नीसवें मिनट में लगातार दो गोल डालकर खेल में रोमांच पैदा कर दिया। सेकेंड हाफ में डंडई के ही दस नंबर जर्सी के खिलाड़ी शिव सिंह ने बत्तीसवें मिनट और चौवालीसवें मिनट में दो गोल डालकर खेल को एकतरफा मुकाबले में तब्दील कर दिया। सत्तर मिनट की अवधि में सासाराम टीम की ओर से कोई गोल नहीं होने पर डंडई टीम ने 4-0 गोल से यह मैच जीत लिया।
दूसरा मुकाबला बिहार के गया और यूपी के अनपरा टीम के बीच हुआ। मैच में कड़े टक्कर के बीच गया की टीम ने सेकेंड हाफ में छः नंबर जर्सी के खिलाड़ी रवि कुमार की बदौलत पहली गोल डाला। गोल खाते ही मैच का रोमांच बढ़ गया। कड़ी स्पर्धा के बीच मैच के अंतिम समय तक अनपरा टीम द्वारा कोई गोल नहीं किए जाने से गया टीम ने 1-0 गोल से यह मैच जीत लिया और अगले चक्र में जगह पक्की कर ली।
मैच रेफरी का दायित्व दीपक कुमार सिंह निभाई।
इस मौके पर टूर्नामेंट के अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल, खेल प्रभारी दिलीप कन्नौजिया, सचिव कमलेश विश्वकर्मा, राजकपूर, पंकज गोस्वामी, अमित कन्नौजिया, राजनाथ गोस्वामी, विकास कुमार, विवेक कुमार, शिवकुमार, विजेंद्र कुमार, बीरेंद्र कन्नौजिया,कलामुद्दीन सिद्दीकी, बुंदेल चौबे आदि लोग उपस्थित रहे।




