Sonbhadra News : पहले कराई फर्जी शादी, फिर दुल्हन हो गयी फरार
पीड़ित ने बताया कि इसी बीच मधु ने उन्हें शादी के लिए बुलाया तथा वो अपने बड़े भाई के साथ उसके बताए अनुसार वाराणसी के टेंगरा मोड़ पहुँच गये ..

sonbhadra
6:31 PM, September 16, 2026
अवधेश पटेल (संवाददाता)
वैनी (सोनभद्र) । सोनभद्र में गुजरात के युवक की फर्जी शादी कराने तथा उससे 160000/ रुपये की जबरन वसूली करने और जान से मारने की धमकी देने के कथित आरोप में पुलिस ने एक महिला को बुधवार को गिरफ्तार किया । उक्त जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी।उन्होंने बताया कि पहले फर्जी शादी कराई गई तथा फेरे लेने के बाद दुल्हन फरार हो गई ।
थाना प्रभारी रायपुर विजय कुमार चौरसिया ने बताया कि गुजरात के बनासकांठा निवासी राजेश कुमार ने एक मुक़दमा दर्ज कराया था । वादी ने आरोप लगाया था कि लगभग 5 माह पूर्व किसी के ज़रिए उसका परिचय मधु पांडेय निवासी मिर्जापुर से हुआ था । वादी ने बताया की वह तलाक शुदा हैं और दूसरी शादी करने के लिए लड़की की तलाश में थे । इसी दौरान उनका परिचय मधु पांडेय से हुआ l उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मधु ने उनकी शादी अच्छी लड़की से कराने का आश्वासन दिया साथ ही दो लाख रुपयों की मांग की । राजेश ने बताया कि आरोपी महिला ने उन्हें तीन लड़कियों की फोटो भेजी जिसमें से एक जिसका नाम नेहा पांडेय बताया गया उन्हें पसंद आ गई । उन्होंने बताया कि पसंद आने के बाद उन दोनों के मोबाइल नंबर का आदान प्रदान हो गया तथा दोनों में बातचीत शुरू हो गई । पीड़ित ने बताया कि इसी बीच मधु ने उन्हें शादी के लिए बुलाया तथा वो अपने बड़े भाई के साथ उसके बताए अनुसार वाराणसी के टेंगरा मोड़ पहुँच गये उसके बाद 9 सितंबर को राबर्ट्सगंज एवं 10 सितम्बर को मधु के साथ सोनभद्र के खलियारी बाज़ार पहुँचे । वादी ने बताया कि उसी दिन खलियारी में एक मंदिर में उनकी और नेहा की शादी करवाई गई l उन्होंने बताया कि शादी के बाद मधु तथा उसके साथ के अन्य लोग उससे दो लाख रुपये मांगने लगे तथा उसे धमकी देकर 160000 रुपये ले लिए । शिकायत कर्ता ने बताया कि फेरे आदि की रस्म संपन्न होने के बाद आरोपियों ने उसे मिठाई लेने के लिए खलियारी बाज़ार भेज दिया लेकिन जब वह लौटा तो दुल्हन समेत सभी आरोपी फरार हो चुके थे
प्रभारी निरीक्षक चौरसिया ने बताया कि वादी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया था तथा आरोपी को बुधवार को राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हिन्दुवारी गांव के पास गिरफ्तार किया गया । उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के पास से 6920 रुपया और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है । चौरसिया ने बताया कि मामले में एक और आरोपी की पूर्व में गिरफ्तारी हो चुकी है तथा अन्य आरोपियों की तलाश जारी है ।




