Sonbhadra News : रिहायासी इलाकों में मिला पटाखा गोदाम, 4 कुंटल पटाखे जब्त
दशहरा, दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही नगरीय क्षेत्र में पटाखों का अवैध भंडारण शुरू हो गया है। अधिक कमाई के चक्कर में लोग सुरक्षा को लेकर नदरअंदाज कर रहवासी इलाकों में चोरी-छिपे पटाखा जमा कर रहे हैं..

sonbhadra
10:19 AM, October 11, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । दशहरा, दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही नगरीय क्षेत्र में पटाखों का अवैध भंडारण शुरू हो गया है। अधिक कमाई के चक्कर में लोग सुरक्षा को लेकर नदरअंदाज कर रहवासी इलाकों में चोरी-छिपे पटाखा जमा कर रहे हैं। नगर के बीचो-बीच पटाखा व्यापारियों द्वारा अवैध भंडारण किया जा रहा है। गुरूवार को पुलिस की छापेमारी में इसकी पोल खोल कर रख दी। पुलिस ने छापेमारी में नगर में घनी आबादी के बीच अवैध तरीके से भंडारित पटाखे की बड़ी खेप बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया है।
बृहस्पतिवार को सीओ सिटी डॉ0 चारु द्विवेदी को मुखबिर ने नगर के मध्य अवैध तरीके से भंडारण की सूचना दी। सीओ के निर्देशन में सदर कोतवाल सत्येंद्र राय फोर्स के साथ अंबेडरनगर मोहल्ले में पहुंचे। जहां सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए एक मकान के अंदर पटाखे रखे गए थे, भंडारण का कोई लाइसेंस भी नहीं था। जिस जगह पटाखा रखा गया था, उसके चारों तरफ घनी आबादी थी। रास्ते ऐसे थे, जहां आपात स्थिति में पुलिस व फायर ब्रिगेड का वाहन पहुंचने में भी दिक्कत होती। पुलिस ने सारा माल जब्त कर कुछ लोगों को हिरासत में कोतवाली लाकर छानबीन शुरू कर दी है।
वहीं कोतवाल सत्येंद्र राय ने बताया कि "मौके से अवैध तरीके से भंडारित करीब चार क्विंटल पटाखे मिले हैं, पूरा माल जब्त कर जांच की जा रही है साथ ही कुछ लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं कि बरामद माल किसका है, मामला दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जाएगी।"
बताते चलें कि पटाखा कारोबार के लिए जिले में प्रशासन ने 16 लोगों को लाइसेंस जारी किया गया है और हर लाइसेंसधारी को यह हिदायत दी है कि वह पटाखों का भंडारण आबादी वाले क्षेत्र से दूर करें। वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हर वक्त मौजूद रहे साथ ही आवागमन, पानी सहित अन्य सुविधाएं भी रखी जाएं।




