Sonbhadra News : हिण्डाल्को रेणुकूट में फायर ड्रिल रेस्क्यू एवं कविता प्रतियोगिताओं का आयोजन
हिण्डाल्को रेणुकूट में चल रहे 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के पहले दिन सेफ्टी ग्राउंड में फायर ड्रिल एवं रेस्क्यू प्रतियोगिता आयोजित की गई।

sonbhadra
8:49 PM, March 5, 2026
मनोज बर्मा (संवाददाता)
रेणुकूट (सोनभद्र)। हिण्डाल्को रेणुकूट में चल रहे 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के पहले दिन सेफ्टी ग्राउंड में फायर ड्रिल एवं रेस्क्यू प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में अल्युमिना रिडक्शन, फैब्रिकेशन एवं यूटिलिटीज विभागों की कुल चार टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में (सेनि) कर्नल रोहित शर्मा, विजय व्यास एवं डॉक्टर धर्मेन्द्र मिश्रा शामिल रहे।
प्रतियोगिता में रिडक्शन प्लांट की टीम के चंद प्रताप, विशाल गिरी एवं पीयूष मिश्रा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। यूटिलिटीज की टीम से पुनीत संखोलिया, विघ्नेश्वर शर्मा एवं नीराला सिंह ने द्वितीय स्थान तथा फैब्रिकेशन प्लांट की टीम से प्रभात पटेल, रणविजय सिंह एवं नंदन कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया.
कार्यक्रम का संचालन श्री कैलाश प्रधान एवं श्री पार्थ पुरवार द्वारा किया गया। विजेताओं की घोषणा फायर एवं सेफ्टी विभाग के प्रमुख जय तिवारी द्वारा की गई। इस अवसर पर प्लांट के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
इसी क्रम में सुरक्षा कविता प्रतियोगिता भी आयोजित की गई जिसमें चार विभागों के कुल सात प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत सुरक्षा विषयक रचनाओं को दर्शकों ने खूब सराहा।
प्रतियोगिता में रिडक्शन प्लांट के श्री पप्पू यादव ने प्रथम स्थान, यूटिलिटीज विभाग के सुरेश खरवार ने द्वितीय स्थान तथा फैब्रिकेशन प्लांट के संतोष मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन सुशील पाण्डेय द्वारा किया गया।
निर्णायक मंडल में यशवंत कुमार, विजयकांत दुबे, एस के ब्रह्मचारी, बिजॉय सिंह एवं सुनील कांत पाण्डेय शामिल रहे। विजेताओं की घोषणा जय तिवारी जी द्वारा की गई।
इन आयोजनों के माध्यम से कर्मचारियों में आपदा प्रबंधन, त्वरित प्रतिक्रिया एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया। राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित ये कार्यक्रम संयंत्र में सुदृढ़ सुरक्षा संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुए।



