Sonbhadra News : दो ब्लाकों में दस फरवरी से चलेगा फाइलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम
मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में आज विकास भवन सभागार में द्वितीय अंर्ततविभागीय फाइरेलिया नियंत्रण की बैठक आयोजित की गयी......

फाइलेरिया नियंत्रण अभियान के संबंध में बैठक करती सीडीओ जागृति अवस्थी....
sonbhadra
7:13 PM, February 6, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में आज विकास भवन सभागार में द्वितीय अंर्ततविभागीय फाइरेलिया नियंत्रण की बैठक आयोजित की गयी।
इस दौरान सीडीओ जागृति अवस्थी ने कहा कि "फाइलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत दो ब्लाकों ककराही, घोरावल में 10 फरवरी से 28 फरवरी तक एमडीएआईडीए कार्यक्रम चलाया जाना है। जिसके लिए 573 टीमें बनाई गई हैं, प्रत्येक टीम में दो सदस्य रहेंगे जो आईडीए अभियान के दौरान घर-घर जाकर दो वर्ष के ऊपर की समस्त आबादी को अल्बेन्डाजोल तथा पांच वर्ष से ऊपर की आबादी को आइवरमैक्टिन की टैबलेट आयुवर्ग एवं लंबाई के अनुसार सप्ताह के चार दिनों सोमवार, मंगलवार, गुरूवार तथा शुक्रवार तथा प्रत्येक दिन लगभग 20 से 25 घरों में दवा खिलायी जायेगी। इसके लिए 106 सुपरवाइजर लगाए जाएंगे जो 5 से 6 टीमों का निरीक्षण करेंगे।"
वहीं सीडीओ ने कहा कि इस बात का विशेष ध्यान रखा जाये कि टीम द्वारा अपने सामने दवा खिलायी जाये, दवा वितरण से बचे एवं प्रचार प्रसार के माध्यम से दवा न खाने वाले लोगों को जागरूक करें व दवा खिलाएं। खाद्य एवं रसद विभाग को निर्देशित किया कि राशन वितरण के दौरान फाइलेरिया का प्रचार-प्रसार के संबन्धित पोस्टर कोटे की दुकानों पर चिपकायें तथा लोगों को दवा खाने के लिए प्रेरित करें। राष्ट्रीय आजीविका मिशन को निर्देशित किया कि स्वंय सहायता समूह सखी के माध्यम से गाँव में लोगों को दवा खाने के लिए जागरूक करें। प्रत्येक ग्राम प्रधान 10 फरवरी को स्वयं दवा खाकर कार्यक्रम का उद्घाटन करें।
इस दौरान सीएमओ डॉ0 पंकज कुमार राय, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 प्रेमनाथ, एमओआईसी केकराही डॉ0 गुरु प्रसाद, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ0 गिरधारी लाल, जिला मलेरिया अधिकारी डी0के0 श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



